पंजाब में चन्नी की ताजपोशी के साथ ही सियासी बवाल, रावत को जाखड़ ने दिखाया आईना तो भाजपा और बसपा ने भी उठाए सवाल
पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी की सीएम पद पर ताजपोशी के साथ ही सियासी बवाल खड़ा हो गया है। दरअसल पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी के लिए काफी अहम होंगे।
नई दिल्ली : पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी की सीएम पद पर ताजपोशी के साथ ही सियासी बवाल खड़ा हो गया है। दरअसल पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी के लिए काफी अहम होंगे। इस बयान को लेकर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) ने चन्नी के शपथ ग्रहण वाले दिन हरीश रावत का यह बयान कि चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे... बेहद चौंकाने वाला है। यह सीएम पद पर उनके चयन पर सवाल उठाता है। इसके साथ ही भाजपा और बसपा ने भी चन्नी के चयन को वोटबैंक की कवायद बता डाली। आइए जाने किसने क्या कहा...
हरीश रावत के इसी बयान पर बरपा है हंगामा
दरअसल पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर रोशनी डालते हुए कहा कि इन चुनावों में पार्टी का चेहरा कौन होगा... यह फैसला तो कांग्रेस अध्यक्ष का ही होगा लेकिन इसमें नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे। रावत ने आगे यह भी कहा कि मौजूदा वक्त में पंजाब में जो सियासी हालात हैं उसे देखते हुए नवजोत सिंह सिद्धू एक लोकप्रिय चेहरा हैं। हालांकि बाद में कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया कि रावत के बयान को गलत अर्थों में समझा गया है।
जाखड़ ने बयान पर जताई हैरानी
इस बयान के सामने आते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई। पंजाब राज्य कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि हरीश रावत का यह बयान हैरान करने वाला है। ऐसे में जब चन्नी नए सीएम के पद की शपथ ले रहे हैं। इसी दिन ऐसा बयान सामने आना चौंकाने वाला है। मौजूदा वक्त में सभी को नए मुख्यमंत्री के साथ खड़ा होने की जरूरत है लेकिन रावत का बयान चरणजीत सिंह चन्नी के चयन पर भी सवालिया निशान है। हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा कि हाईकमान का कहना है कि अगला चुनाव चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा...





