पलामू : नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या , हत्यारे ने गला और पैर काट जलाया चेहरा एक सप्ताह से लापता थी लड़की, जांच में जुटी पुलिस
हुसैनाबाद (पलामू) : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कुसुआ गांव निवासी राजेंद्र यादव की नाबालिग बेटी का शव रविवार को बड़ेपुर में सोन नदी के किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला। पिता ने एक सप्ताह पूर्व बेटी के अपहरण का थाना में मामला दर्ज कराया था। हत्यारे ने लड़की का चेहरा जला दिया है। एक पैर को भी काट दिया है। पैर शव के पास ही फेंका मिला। लड़की का गला भी कटा हुआ है। हत्या के पहले दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। 17 साल की धनती कुमारी अपने घर से 21 फरवरी से गायब थी। एक सप्ताह बाद लड़की का शव मिला। उसकी हत्या जघन्य तरीके से की गई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। मृत लड़की के पिता का कहना है कि पुलिस ने उनकी बेटी को ढूंढ़ने का प्रयास नहीं किया। पुलिस सक्रिय रहती तो बेटी की मौत नहीं होती। हुसैनाबाद एसडीपीओ पूज्य प्रकाश का कहना है कि पुलिस जांच में जुट गई है। परिजन के आवेदन के आधार पर तफ्तीश की जा रही है।
शौच के लिए निकली थी, नहीं आई वापस
21 फरवरी की सुबह धनती कुमारी शौच के लिए घर से निकली थी। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजन ने खोजबीन की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसी दिन राजेंद्र यादव ने बेटी के अपहरण की प्राथमिकी अज्ञात पर दर्ज कराया था।





