नौशहरा में पाक सेना ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, जेसीओ शहीद
राजोरी। राजोरी जिले के नौशहरा इलाके में पाकिस्तानी सेना द्वारा रविवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने के बाद पाकिस्तानी और भारतीय सेना के बीच हुई गोलीबारी में सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान ने रविवार तड़के संघर्ष विराम उल्लंघन का सहारा लिया और राजौरी के नौशहरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के साथ कालसियां, खंजर, भवानी इलाकों में छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया। “कालसियां सेक्टर में एक सैनिक गोली लगने से घायल हो गया ओर उसने बाद में अपने घावों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। शहीद जेसीओ की पहचान नायब सूबेदार राजविंदर सिंह के रूप में हुई है। नायब सूबेदार राजविंदर सिंह एक बहादुर, बेहद प्रेरित और एक ईमानदार सैनिक थे। राष्ट्र हमेशा उनके सर्वाेच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद जवान कालसियां सेक्टर के एक फारवर्ड पोस्ट पर तैनात थे। रक्षा अधिकारी ने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान को करारा जवाब दे रही थी। इस साल अब तक जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब संघर्ष विराम उल्लंघन के 1790 मामले दर्ज किए गए हैं।





