अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एनटीपीसी बरौनी ने आयोजित किया स्वास्थ्य शिविर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एनटीपीसी बरौनी ने आयोजित किया स्वास्थ्य शिविर
बेगूसराय, 11 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) बरौनी ने सामुदायिक गतिविधि योजना के तहत एक अनूठी पहल करते हुए अपने मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गढ़हरा सब-सेंटर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में किशोर लड़कियां एवं महिलाओं के बीच व्यक्तिगत स्वास्थ्य-स्वच्छता प्रबंधन और पोषण संबंधी कमियों के विषय पर व्याख्यान कराया गया। सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों को रोजमर्रा के काम-काज में आने वाली समस्याओं एवं शारीरिक और मानसिक बीमारियों, परेशानियों से लड़ने के लिए महत्वपूर्ण तरीके बताए गए।
कार्यक्रम के बाद लाभार्थियों को मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा ओपीडी परामर्श दिया गया। इसके साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए सैनिटरी नैपकिन और पोषण आहार अनुपूरक सामग्री वितरित किए गए। इस अवसर पर गढ़हरा सब-सेंटर सीएचओ डॉ. पारसमणि, आशा दीदी की टीम, एनटीपीसी अस्पताल से एथेल खलखों, मोबाइल मेडिकल यूनिट के डॉ. रीतिका, सीएसआर विभाग के कार्यपालक ज्योतिष्मिता देबा बोरा एवं मानव संसाधन विभाग से पुनिता तिर्की सहित अन्य उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी बरौनी द्वारा सामुदायिक गतिविधि के तहत स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष से मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत की गई है। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट आवश्यक उपकरणों एवं कुशल मानव संसाधन से लैस होकर परियोजना के समीपवर्ती क्षेत्रों में अवस्थित लोगों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौनी के सहयोग से संचालित की जा रही है।





