नागपुर की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, मौके पर 6 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
मुंबई,। नागपुर जिले के धामना गांव की एक पटाखा फैक्ट्री में
गुरुवार दोपहर जोरदार धमाके में चार महिलाओं समेत 6 की मौके पर ही मौत हो
गयी। घटना में गंभीर रूप से घायल 4 अन्य लोगों को नागपुर के अस्पताल में
भर्ती करवाया गया है। नागपुर के पुलिस आयुक्त रवींद्र कुमार सिंघल के
मुताबिक घटना की जांच की जा रही है
जानकारी के अनुसार
नागपुर-अमरावती हाइवे पर नागपुर से 25 किमी दूर धामना गांव स्थित पटाखा
फैक्ट्री चामुंडा एक्सप्लोसिव में दोपहर करीब बारह बजे अचानक भीषण विस्फोट
हुआ। घटना में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए
जिन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतकों की
पहचान प्रांजलि मोद्रे (22), प्राची फाल्के (20), वैशाली क्षीरसागर (20),
मोनाली अलोन (27), पन्नालाल बंदेवार (50) और एक अन्य के रूप में की गई है।
इस घटना में घायल शीतल चपत (30), दंसा मारास्कोल्हे (26), श्रद्धा पाटिल
(22) और प्रमोद चावरे (25) का इलाज जारी है। चारों की हालत गंभीर बनी हुई
है।





