जेटली की पुण्यतिथि पर नड्डा ने एम्स में किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व कानून मंत्री स्व. अरुण जेटली की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। नड्डा ने सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने सबसे पहले जेटली की तस्वीर पर पुष्प चढ़ा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर नड्डा के साथ अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली, पुत्री सोनाली जेटली बख्शी उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन, केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर समेत कई मंत्री, सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी, राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह समेत दिल्ली प्रदेश के तमाम नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित हुए। इससे पूर्व नड्डा ने ट्वीट कर जेटली को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'प्रखर नेता, विचारक, पद्म भूषण से सम्मानित पूर्व वित्त मंत्री स्व. श्री अरुण जेटली की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें शत् शत् नमन। राष्ट्र निर्माण में उनकी जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं का अप्रतिम योगदान सदैव याद किया जाएगा।'





