मप्र के गृहमंत्री बोले- संक्रमण रोकने सरकार ने सब कुछ किया, अब जनता की बारी
भोपाल। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कुछ जिलों में लॉकडाउन समाप्त हो गया है और मंगलवार को बाजार पूर्व की तरह खुले। इसी बीच गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए अपने सारे प्रयास कर लिए हैं। लंबे समय तक लॉकडाउन नहीं रख सकते। इससे आर्थिक और आम आदमी की जिंदगी पर असर पड़ रहा है, इसलिए इसे खोला गया है। अब जनता के ऊपर है कि वो किसी भी तरह इस संक्रमण से अपना बचाव करे।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान कहा कि सरकार संक्रमण रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर चुकी है। सरकार ने अस्पताल, इलाज, वेंटीलेटर, दवाएं और अन्य सुविधाएं फ्री कर दी हैं। लेकिन हम चाहते हैं कि लोगों को इसकी जरूरत ही नहीं पड़े और सावधानी ही इस बीमारी से बचा सकती है। इसलिए लोग हर वो तरीका अपनाएं जिससे वे सुरक्षित रह सकें। गृह मंत्री ने कहा कि लॉकडाउन से संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। पहले जहां कई जिलों में ये संख्या 200 के पार जा रही थी, वहीं अब 100 तक सीमित हो गई है। लॉकडाउन से भिंड मुरैना जैसे जिलों में मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन कोरोना संक्रमण रोकने का स्थाई हल नहीं है। इसे फैलने से रोकने के लिए जनता को खुद पहल करते हुए सावधानी रखनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार जितना कर सकती थी कर चुकी है। अब जनता की बारी है।





