मप्र का मौसम लेगा करवट, कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी
भोपाल,
25 फरवरी । मध्यप्रदेश के मौसम का मिजाज बदल चुका है। अब गर्मी का
अहसास होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर
सहित प्रदेश के कई जिलों के तापमान में उछाल देखने को मिला है, लेकिन जल्द
ही प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई
हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 25 फरवरी
से 28 फरवरी तक प्रदेश का मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में ओले
गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है
कि रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश हो
सकती है। साथ ही जबलपुर-नर्मदापुरम समेत 10 जिलों में ओले गिरने की
चेतावनी भी जारी की गई हैं। इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में बादल छाए
रहेंगे। वही दिन के तापमान में गिरावट होगी।
मौसम
विभाग ने बताया कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 26 फरवरी से पश्चिमी हिमालय
क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके साथ ही राजस्थान के मध्य भागों और इसके
आसपास के क्षेत्र में एक चक्रवर्ती मौसम सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के
कारण मध्य प्रदेश का मौसम भी प्रभावित हो सकता है। आज 25 फरवरी को पूर्वी
मध्य प्रदेश में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि 26
और 27 फरवरी को पूरे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि होने की
संभावना है।





