मप्रः मुख्यमंत्री ने सीधी जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर व्यक्त किया दुख

मप्रः मुख्यमंत्री ने सीधी जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर व्यक्त किया दुख
- घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए
भोपाल, 24 फरवरी । मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया टनल के समीप ग्राम बरखड़ा (बड़ोखर) के पास शुक्रवार की रात करीब 10 बजे भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए। मोहनिया टनल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो बसों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बस पलटकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि दूसरी बस भी पलट गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने सीधी जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस दुर्घटना में करीब एक दर्जन नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसी तरह इतने ही सामान्य रूप से घायल हुए हैं। बस में लगभग 50 अधिक यात्री यात्रा कर रहे थे। रीवा सीधी के बीच हुई बस दुर्घटना का समाचार संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों को घायलों के सहायता और उपचार के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान लगातार सीधी और रीवा जिला प्रशासन से संपर्क में हैं। सीधी कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर मौजूद हैं। इसके अलावा रीवा कमिश्नर और आईजी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। घायलों का उपचार चुरहट, सीधी और रीवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करने के निर्देश दे दिए गए हैं।





