सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने चावड़ी बाजार, सीताराम बाजार व माता सुंदरी गुरुद्वारा क्षेत्र का किया निरीक्षण दौरा

सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने चावड़ी बाजार, सीताराम बाजार व माता सुंदरी गुरुद्वारा क्षेत्र का किया निरीक्षण दौरा
नई दिल्ली, 3 जुलाई। चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चावड़ी बाजार, सीताराम बाजार और माता सुंदरी गुरुद्वारा क्षेत्र का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली नगर निगम के शहरी क्षेत्र उपायुक्त, दिल्ली पुलिस के मध्य दिल्ली उपायुक्त, दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, बीएसईएस, दिल्ली मेट्रो के अधिकारी, चांदनी चौक जिला भाजपा अध्यक्ष अरविंद गर्ग, दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता और भाजपा नेता श्रीमती दीप्ति इंदौरा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सांसद खंडेलवाल ने निगम अधिकारियों को चावड़ी बाजार से स्थायी अतिक्रमण हटाने, जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को धंसे हुए सीवर और गड्ढों की मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को अवैध पार्किंग और रिक्शा संचालन को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से हौजकाज़ी चौक से अवैध स्कूटर पार्किंग हटाने के निर्देश दिए।
सीताराम बाजार की सड़कों की मरम्मत कर वहां पटरी पर बैठने वाले स्थानीय दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से स्थान देने की बात भी उन्होंने अधिकारियों से कही, ताकि व्यापार और यातायात दोनों में संतुलन बना रहे।
सांसद खंडेलवाल ने नगर निगम की उपायुक्त को निर्देश दिए कि माता सुंदरी रोड, विशेषकर दीनदयाल उपाध्याय पार्क के पीछे, लोकनायक अस्पताल गेट के पास और गुरुद्वारा साहब के आसपास फैले कबाड़ियों के अवैध कब्जों को हटाने के लिए एक ठोस योजना तैयार की जाए।





