बिहार में मर्दों से ज्यादा महिलाओं ने की वोटिंग,छठे चरण में 11 फीसदी का अंतर -दो दिन बाद निर्वाचन आयोग ने जारी किए आंकड़ें
पटना ।बिहार में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में लोकतंत्र को लेकर ज्यादा विश्वास और उत्साह दिख रहा है। लोकसभा 2024 के चुनाव में महिलाएं बढ़-चढ़कर वोटिंग कर रही हैं। मतदान के आंकड़ें बताते हैं कि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने 11 प्रतिशत अधिक वोटिंग की है।
-दो दिन बाद जारी हुए आंकड़े
निर्वाचन आयोग से मिले आंकड़ें के मुताबिक छठे चरण में महिलाओं की वोटिंग प्रतिशत 62.95 प्रतिशत रही जबकि पुरुषों का यह आंकड़ा 51.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसका मतलब यह है कि महिलाओं ने कुल 11 प्रतिशत अधिक वोटिंग की है। छठे चरण के कुल मतदान प्रतिशत में भी महिलाओं की अधिक भागीदारी देखने को मिली। छठे चरण का कुल मतदान प्रतिशत 57.18 रहा।
-वैशाली में सबसे अधिक महिलाओं ने किया मतदान
छठे चरण के 8 लोकसभा सीट वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में वोटिंग हुई थी। इन आठ सीटों पर महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साह वैशाली लोकसभा सीट पर देखने को मिला है। वैशाली लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 68.63 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी दर्ज की गई है। वहीं, यहां पुरुषों की भागीदारी 57.20 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि थर्ड जेंडर वोटर्स की भागीदारी 4.35 फीसदी रही। वैशाली लोकसभा सीट का अंतिम मतदान प्रतिशत 62.59 प्रतिशत रहा है।
-महाराजगंज लोकसभा सीट में सबसे कम उत्साह
आठ लोक सभा सीट में से महाराजगंज एक ऐसा सीट रहा, जहां पर महिलाओं की भागीदारी सबसे कम देखने को मिली है। यहां कुल मतदान प्रतिशत 58.27 प्रतिशत दर्ज किया गया तो महिलाओं की भागीदारी 58.36 फीसदी दर्ज की गई। पुरुष मतदाताओं का मताधिकार प्रतिशत 46.68 रहा।





