विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज ने शुरू की कावड़ यात्रा, दिल्ली की उन्नति और महिला सशक्तिकरण को समर्पित

विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज ने शुरू की कावड़ यात्रा, दिल्ली की उन्नति और महिला सशक्तिकरण को समर्पित
नई दिल्ली, 16 जुलाई 2025 — दिल्ली की सबसे कम उम्र की महिला विधायक और वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित श्रीमती पूनम शर्मा भारद्वाज ने आज पवित्र कावड़ यात्रा के लिए हरिद्वार की ओर प्रस्थान किया। यह यात्रा न केवल धार्मिक श्रद्धा की अभिव्यक्ति है, बल्कि इसे दिल्ली की उन्नति, वजीरपुर विधानसभा के समग्र विकास और विशेष रूप से महिलाओं के कल्याण के उद्देश्य से समर्पित किया गया है। पूनम शर्मा भारद्वाज दिल्ली विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की चेयरमैन भी हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़ी रहने वाली जनप्रतिनिधि के रूप में जानी जाती हैं।
चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर से इस यात्रा की शुरुआत हुई, जहां दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता और सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। इस यात्रा में उनके साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए, जो आस्था और सेवा के इस अभियान का हिस्सा बनें।
अपने वक्तव्य में विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज ने कहा, “यह यात्रा उन सभी महिलाओं को समर्पित है जो सामाजिक या पारिवारिक कारणों से अपनी आस्था को खुलकर व्यक्त नहीं कर पातीं। मैं उनकी भावनाओं को गंगाजल के माध्यम से भगवान शिव तक पहुँचाऊंगी। साथ ही, इस यात्रा के दौरान मैं कांवड़ यात्रियों को आने वाली समस्याओं को भी प्रत्यक्ष अनुभव करूंगी ताकि भविष्य में उनकी सुविधा के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।”
विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा, “पूनम शर्मा भारद्वाज ने धार्मिक आस्था को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह यात्रा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत सांस्कृतिक संदेश है।” वहीं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इसे जनसेवा की नई परिभाषा करार देते हुए कहा, “उनकी यह पहल आस्था के माध्यम से समाज को जोड़ने वाली एक प्रेरक शुरुआत है।”
विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज की यह यात्रा 18 जुलाई को समाप्त होगी, जब वह हरिद्वार से लाया गया पवित्र गंगाजल दिल्ली लाकर जलाभिषेक करेंगी।





