महबूबा को वोट मांगने के लिए बच्ची का इस्तेमाल करने पर कारण बताओ नोटिस जारी
अनंतनाग । पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को
राजौरी जिले में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान वोट मांगने के लिए एक
बच्ची का इस्तेमाल करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाच मांगा
गया है। राजौरी अनंतनाग लोकसभा सीट का हिस्सा है। यहां लोकसभा चुनाव के छठे
चरण में 25 मई को मतदान होगा। राजौरी के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और
आदर्श आचार संहिता के नोडल अधिकारी राजीव कुमार खजूरिया ने एक मई को जिले
के शाहदरा शरीफ इलाके में आयोजित एक चुनावी रैली के संबंध में महबूबा को
कारण बताओ नोटिस जारी किया है। खजूरिया ने महबूबा को दिए गए नोटिस में कहा
कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें आप पीडीपी के लिए वोट
मांगने के मकसद से एक नाबालिग बच्ची का इस्तेमाल कर रही हैं और बच्ची
द्वारा अपील किए जाने के बाद आप उसकी सराहना भी कर रही हैं। इसके बाद
महबूबा को यह नोटिस जारी किया गया है। प्रशसान ने इसे नियमों का उल्लंघन
बताया है।





