मप्रः कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की पहली बैठक आज भोपाल में
भोपाल,। कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में मध्य प्रदेश में
मिली करारी हार के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हार के कारणों
को जानने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने फैक्ट फाइंडिंग
नाम से एक कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की पहली बैठक आज (शनिवार को)
भोपाल में शुरू होगी।
कांग्रेस की फैक्ट
फाइंडिंग कमेटी चेयरमैन महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चह्वाण, उड़ीसा
के कोरापुट से सांसद सप्तागिरी उलका और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी
भोपाल पहुंच चुके हैं। यह कमेटी यहां दो दिन तक बैठकें कर हार के कारणों की
पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
कमेटी
के तीनों सदस्य आज कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक करेंगे और
प्रदेश की प्रत्येक हारी हुई लोकसभा सीट के प्रत्याशियों से वन-टू-वन बात
करेंगे। इसके बाद अगले दिन 30 जून को कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी
की बैठक होगी। इस बैठक में फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के तीनों सदस्य मध्य
प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं जैसे कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, डॉ.
गोविंद सिंह, अजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा सहित और भी दिग्गजों से बात
करेंगे और जानने का प्रयास करेंगे कि हार का कारण क्या रहा है।





