अमित शाह के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मनोज तिवारी ने की मंदिर में पूजा अर्चना
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को कोरोना से शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आरके पुरम स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। तिवारी ने शाह के लिए शिव मंदिर में जलाभिषेक किया।
मनोज तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के बाद अमित शाह ऐसे गृहमंत्री हैं, जिन्होंने देश की एकता अखंडता और देश हित में कई संकल्पों को पूरा करने के लिए बड़े फैसले लिये। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिए अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बगैर उन्होंने पूरे देश में बचाव और राहत कार्य के लिए अभूतपूर्व अभियान चलाया।
तिवारी ने कहा कि आज दिल्ली में कोरोना की स्थिति में जो भी सुधार हुआ है उसका पूरा श्रेय केंद्रीय गृहमंत्री शाह को जाता है। जब राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 2 महीने तक घर से नहीं निकले तो स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर अमित शाह ने न सिर्फ बचाव और राहत कार्यों का निरीक्षण किया बल्कि दिल्ली को कोरोना के खिलाफ लड़ने के लिए हर संभव मदद की।





