मांझी की दो टूक बोले- आपने सीएम बनाया, हमने सरकार बचाई, हिसाब बराबर
पटना। सियासी चौपाल पर हिसाब बराबर होना चाहिए। नहीं हुआ तो अहसान तले दबकर काम करना होता है। हम पार्टी के प्रमुख जीतनराम मांझी ने हाल ही में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हिसाब चुकता कर दिया है। उन्होंने सीएम नीतीश से साफ शब्दों में कह दिया है कि आपने हमे सीएम बनाया था तो हमने भी आपकी सरकार बचाई थी। इसलिए आपका और हमारा हिसाब बराबर हो चुका है। अब आपका कोई अहसान नहीं है।
बिहार में एनडीए सरकार के गठन के बाद बहुमत परीक्षण के दौरान हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी के पाला बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन वो एनडीए के साथ बने रहे। अब इसी को लेकर मांझी ने एक कार्यक्रम में नीतीश का नाम लेते हुए बड़ा बयान दिया है। जीतनराम मांझी ने कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा, तुमने हमें सीएम बनाया था और हमने तुम्हारी सरकार बचाई, अब सरकार बचाकर एहसान चुका दिया है। पूर्व सीएम मांझी ने कहा, दूसरों के चक्कर में पड़ कर मुझे बाहर कर दिया था, 122 वोट चाहिए थे बिहार असेंबली में सरकार बनाने के लिए अभी 125 वोट आया और उसमें से 4 वोट हमारा था, अगर ये 4 वोट हट जाते तो 121 वोट ही उनके पास होता। हम साथ दिए, अगर साथ नहीं देते तो नीतीश जी की सरकार गिर जाती। हमको सीएम बनाया था उन्होंने तो अब हम कह सकते है कि मैंने भी अपना एहसान चुका दिया है। बता दें कि नीतीश कुमार जब महागठबंधन में शामिल थे तो विधानसभा में मांझी को लेकर बेहद नाराज हो गए थे। उन्होंने मांझी को अपमानित करते हुए कहा था कि इसको कौन जानता था, ये मेरी मूर्खता की वजह से सीएम बन गया था।





