कांग्रेस व सपा का घोषणा पत्र पाकिस्तान परस्त : योगी आदित्यनाथ
वाराणसी,। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को
इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सपा गठबंधन
विरासत टैक्स लगाने की बात करता है। यह टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है।
संपत्ति का सर्वे कराकर यह लोग पुश्तैनी प्रॉपर्टी जबर्दस्ती ले लेंगे, फिर
उसे घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों को दे देंगे। इनके अंदर औरंगजेब की
आत्मा घुस गई है। हम भारत में किसी को जजिया कर नहीं देने देंगे। इनका
घोषणा पत्र अल्पसंख्यकों को मनमर्जी के हिसाब से खानपान की स्वतंत्रता देता
है। हम गोमांस खाने की छूट नहीं देंगे। इन गो हत्यारों को वोट देने से राम
मंदिर का मिला पुण्य पाप में बदल जाएगा।
चंदौली लोकसभा सीट के
चुनाव प्रचार में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी कच्चा बाबा इंटर कॉलेज शिवपुर
में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि
कांग्रेस-सपा के लोग सुरक्षा, विकास, गरीब कल्याण नहीं कर सकते। अयोध्या
में राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम का निर्माण नहीं कर सकते। आराध्यों
के पवित्र स्थलों का सुंदरीकरण भी नहीं कर सकते, तो इन समस्याओं को सिर पर
ढोने की आवश्यकता नहीं है। सपा और कांग्रेस समस्या हैं। इनके गठबंधन का
मतलब आतंकवाद को आमंत्रित करना। इनको वोट देने का मतलब माफियाराज को हावी
करना, हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़, गरीबों के हकों में डकैती और विकास
कार्यों में बैरियर लगाना। हमें बाधाएं दूर करके भाजपा को फिर लाना है,
क्योंकि दस वर्ष में भाजपा ने इस कार्य को बखूबी किया है।
विश्वास है अबकी बार-400 पार में फिर रहेगा चंदौली
मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक बार फिर मोदी सरकार बनने जा रही है। अबकी बार
400 पार में फिर से चंदौली भी है। नए भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री मोदी के
नेतृत्व में दस वर्ष में भारत का सम्मान बढ़ा है। आतंकवाद-नक्सलवाद समाप्त
हुआ है। गरीबों को फ्री में राशन, अन्नदाताओं को किसान सम्मान निधि, पांच
लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा का कवर, पीएम आवास योजना का लाभ मिला। मोदी
हैं तो विकास, गरीब कल्याण, सुरक्षा, सम्मान और भारत के विरासत का संरक्षण
है। काशी में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर,
विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर, मारकंडेय धाम भी भव्यता हमें आकर्षित कर
रही है। कच्चा बाबा के सैकड़ों वर्ष पुरानी समाधि का स्वरूप भी अब भव्य हो
गया है। जो समाज विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है, दुनिया की कोई ताकत
उसे झुका या परास्त नहीं कर सकती। भाजपा ने विरासत के संरक्षण का कार्य
किया है।
—लोग पूछते हैं कि यह वही काशी है, जो दस साल पहले थी
मुख्यमंत्री
ने कहा कि वॉटरवे का लाभ भी काशी और चंदौलीवासियों को प्राप्त हो रहा है।
भाजपा की डबल इंजन सरकार ने भगवान बुद्ध के उपदेश की भूमि सारनाथ के
सुंदरीकरण, संत कबीर दास के लहरतारा को भव्य स्वरूप और संत रविदास की
जन्मभूमि सीर गोवर्धन को दिव्य-भव्य रूप दिया है। काशी के मंदिरों, घाटों,
विकास को देख सबकी आंखें चकरा जाती हैं। लोग आश्चर्य करते हैं कि यह वही
काशी है, जो दस साल पहले थी।
काशी व चंदौली में विकास बुलेट की स्पीड से आता दिख रहा
मुख्यमंत्री
ने कहा कि काशी व चंदौली में विकास बुलेट की स्पीड से आता दिख रहा है।
हमारी सरकार बाबा कीनाराम की जन्मभूमि पर उनके मंदिर को दिव्य-भव्य रूप
देने के लिए कार्य करा रही है। समाजवादी पार्टी व कांग्रेस का गठबंधन
अनर्थकारी है। दो लड़कों की जोड़ी जब भी मिली है तो अनर्थ की है। कांग्रेस व
सपा के घोषणा पत्र को देखकर आप कहेंगे कि यह पाकिस्तान परस्त घोषणा पत्र
है। यह सत्ता में आने पर पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण को
मुसलमानों को दे देंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने यहां कच्चा बाबा मंदिर
में दर्शन-पूजन भी किया।
जनसभा में इनकी रही उपस्थिति
शिवपुर
जनसभा में केंद्रीय मंत्री व चंदौली के सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय,
यूपी के कैबिनेट मंत्री व शिवपुर के विधायक अनिल राजभर, राज्यसभा सांसद
दर्शना सिंह, साधना सिंह, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, हंसराज
विश्वकर्मा, विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, त्रिभुवन राम, जिला पंचायत
अध्यक्ष पूनम मौर्य, लोकसभा संयोजक सर्वेश कुशवाहा, लोकसभा प्रभारी ओंकार
केसरी, सतुआ बाबा संतोष दास आदि भी मौजूद रहे।





