विधानसभा के हर बूथ को बनाएं सशक्त: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल,
8 फरवरी । भाजपा विधायक दल की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास
पर सम्पन्न हुई। बैठक को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, लोकसभा चुनाव प्रभारी
डॉ महेंद्र सिंह एवं पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित
करते हुए लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी द्वारा चलाए जा रहे गांव चलो
अभियान को नीचे तक ले जाने की बात कही। पार्टी नेताओं ने कहा कि हमारा
प्रत्येक बूथ मजबूत होगा तो लोकसभा के चुनाव में भाजपा की विराट विजय होगी।
विकसित भारत संकल्प लेकर हमें प्रत्येक बूथ तक पहुंचना है। बैठक का संचालन
संसदीय कार्य एवं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं आभार लोक
निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने माना।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का भाग्य उदय हो रहा है - डॉ. मोहन यादव
बैठक
में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विधायकगण जनसमस्या शिविरों और आम
जन के साथ निरंतर सम्पर्क के माध्यम से उनकी समस्याएं सुलझाने के लिए
सक्रिय रहें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का भाग्य उदय
हो रहा है। आज विभिन्न विकास कार्यों के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से
उनका प्रचार भी आवश्यक है। विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर विभिन्न निर्माण
कार्यों को पूरा करवाने के साथ ही उनकी जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने
कहा कि आज भाजपा के पक्ष में जो अनुकूल वातावरण है, उसमें विस्तार करते
हुए लोक सभा निर्वाचन में मत प्रतिशत बढ़ाने का कार्य होना चाहिए। इसके लिए
मतदान केंद्र के अनुसार विजय के संकल्प को ध्यान में रखकर भूमिका निभाई
जाए। अभी कांग्रेस द्वारा राम मंदिर के मामले में किए गए व्यवहार को पूरे
देश में एक बड़ी गलती माना है। प्राण-प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का न्यौता
ठुकराकर कांग्रेस ने बड़ी गलती की है, जिसकी निंदा देश की जनता ने भी की है।
उनके इस व्यवहार के कारण कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी असमंजस में
हैं। अनके कांग्रेस के नेता भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं। निश्चित ही यह
एक ऐसा अवसर है जब संगठन के विस्तार का कार्य करते हुए प्रधानमंत्री जी के
कार्यों एवं उपलब्धियों की बात आम जनता तक भली- भांति पहुंचाई जाए।
डॉ
यादव ने कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां कोई गेप दिखाई देता हो वहां विभिन्न
योजनाओं को लागू करवाकर उपयोगी कार्यक्रमों की रचना की जा सकती है। इस
प्रबंधन से विधानसभा क्षेत्र के स्तर तक अच्छे परिणाम मिलेंगे। उन्होंने
कहा कि प्रत्येक बूथ और अपनी अपनी विधानसभा को मजबूत करने का कार्य किया
जाए।
मध्यप्रदेश के जीत की धमक पूरे देश में हुई- डॉ. महेंद्र सिंह
बैठक
में लोकसभा प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव
में भाजपा की जीत की धमक पूरे देश में सुनाई दी। यह भाजपा के प्रति जनता के
विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी
तक एक गौरव शाली यात्रा रही है। पूरे देश में अगर सबसे उत्कृष्ठ संगठन की
बात अगर होती है तो मध्यप्रदेश का संगठन और यहां के कार्यकर्ता का नाम
सर्वप्रथम आता है। यहां के कार्यकर्ता और संगठन के साथ ही हमारे विधायकगण
भी सर्वश्रेष्ठ हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की गौरवशाली
यात्रा में लाखों कार्यकर्ताओं का बलिदान हुआ है आज अगर अनुच्छेद 370 और 35
ए समाप्त हुए तो इसके पीछे कई कार्यकर्ताओं का बलिदान है। उन्होंने कहा कि
गांधी जी ने ग्रामोदय, विनोबा भावे ने सर्वोदय,दीनदयाल जी ने अंत्योदय का
मंत्र दिया ठीक उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रोदय का मंत्र हमें
दिया है। हम विकसित भारत के संकल्प को लेकर मोदी के नेतृत्व में सपनों का
भारत बना रहे हैं। प्रदेश की 29 लोकसभा सीटें जीत कर हमें मोदी जी को फिर
से प्रधानमंत्री बनाना है। इस संकल्प के साथ मैदान में जुट जाएं
कमजोर बूथों को मजबूत बनाने में जुटें- हितानंद
बैठक
में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी के आगामी
कार्यक्रम और अभियानों के बारे में विधायकगणों को जानकारी दी। उन्होंने कहा
कि केंद्र द्वारा गांव चलो अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान सफल हो इसके
लिए विकसित भारत के संकल्प को लेकर प्रत्येक बूथ तक जाना है। विकसित भारत
एम्बेसेडर बनाना है। इसके लिए विधायकगण भी अभियान में जुटें।
उन्होंने
अभियान के करणीय कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जिन बूथों पर हम
कमजोर हैं उन्हें मजबूत बनाना है, साथ ही रात्रि विश्राम, लाभार्थियों से
सम्पर्क और प्रत्येक बूथ के पांच स्थानों पर दीवार लेखन करना है। 9 से 11
फरवरी के बीच यह अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग और हर
क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं लाभार्थी हैं। 25 फरवरी से 5
मार्च तक लाभार्थी अभियान के माध्यम से हमें योजना के हितग्राहियों से
संपर्क करना है।





