संभल में सरकारी जमीन पर बने अवैध धार्मिक स्थल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

संभल, । उत्तर प्रदेश में संभल जिले के हजरतनगरगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित मुकर्रबपुर गांव की सरकारी बंजर भूमि पर बने इमामबाड़ा और अवैध धार्मिक ढांचा पर शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। इस दौरान पीएसी के साथ भारी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि यह कार्रवाई एसडीएम विकास चंद्र और तहसीलदार धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई है। ग्राम मुकर्रबपुर में साढ़े चार बीघा की बंजर की जमीन पर अवैध तरीके से इमामबाड़ा और बाकी बाउंड्री वॉल करके कब्ज़ा किया गया था। लेखपाल की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन की ओर से कब्जेदाराें काे पहले नोटिस भेजा गया। कोई जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने उस पर बुलडोजर चलाकर धवस्त कर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस जमीन पर दुबारा कब्जा ना हो इसके लिए हम लोग उन परिवार को यह जमीन पट्टे के ताैर पर उपलब्ध कराएंगे जिनके पास भूमि नहीं है। आज के भाव के हिसाब से इस जमीन की सवा से डेढ़ करोड़ रुपये के आसपास की अनुमानित कीमत है। लगभग 10 साल पुराना कम से कम कब्ज़ा ये है, उससे ज़्यादा भी हो सकता है, इस बात का भी पता लगाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि ग्राम मुकर्रबपुर गांव में सरकारी बंजर जमीन पर बने अवैध इमामबाड़े और मजार के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालाें पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





