लोस चुनाव : उप्र में चौथे चरण की सीटों पर घट गई महिला उम्मीदवारों की दावेदारी
लखनऊ,
आम चुनाव के चौथे चरण में उप्र की 13 लोकसभा सीटों पर
वोटिंग होनी है। 13 सीटों पर कुल 130 उम्मीदवारों में 16 महिला प्रत्याशी
भी मैदान में हैं। 2019 के आम चुनाव के मुकाबले इस बार महिला उम्मीदवारों
की दावेदारी कम हुई है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने 10 सीटों पर 6 महिला
प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है। सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी समाजवादी
पार्टी (सपा) की टिकट पर मैदान में हैं।
प्रदेश
में चौथे चरण में शाहजहांपुर (अ0जा0), खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई
(अ0जा0), मिश्रिख (अ0जा0), उन्नाव, फर्रूखाबाद, इटावा (अ0जा0), कन्नौज,
कानपुर, अकबरपुर और बहराइच (अ0जा0) संसदीय सीट पर चुनाव होना है। इस चरण के
लिए 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
2019 के चुनाव में थी 24 महिला प्रत्याशी
17वीं
लोकसभा के चुनाव में चौथे चरण की दस सीटों पर कुल 153 उम्मीदवार मैदान में
थे। इनमें शाहजहांपुर (अ0जा0) में 14, खीरी में 15, धौरहरा में 08,
सीतापुर में 12, हरदोई (अ0जा0) में 11, मिश्रिख (अ0जा0) में 13, उन्नाव में
09, फर्रूखाबाद में 09, इटावा (अ0जा0) में 13, कन्नौज में 11, कानपुर में
14, अकबरपुर में 14 और बहराइच (अ0जा0) में 10 प्रत्याशी चुनावी रण में
उतरे थे। बात महिला उम्मीदवारों की कि जाए तो हरदोई, उन्नाव और अकबरपुर सीट
से 1-1 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थी। खीरी, कन्नौज और बइराइच सीट
से 2-2 महिला प्रत्याशी मैदान में थी। वहीं सीतापुर, मिश्रिख, धौरहरा,
इटावा और कानपुर सीट से 3-3 महिला उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई।
शाहजहांपुर और फर्रूखाबाद सीट से किसी महिला प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा।
24 में से एक पहुंची दिल्ली
पिछले चुनाव में 24
महिला प्रत्याशियों में से सिर्फ एक ने जीत का लड्डू खाया। धौरहरा संसदीय
सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार रेखा वर्मा को जीत नसीब हुई।
रेखा वर्मा के खाते में 48.21 फीसदी वोट आए। दूसरे स्थान पर रहे बहुजन समाज
पार्टी (बसपा) के अरशद इलियास सिद्दीकी को 33.11 फीसदी वोट मिले। रेखा
वर्मा ने 1 लाख 60 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। बता
दें, रेखा वर्मा ने 2014 के चुनाव में भी भाजपा की टिकट पर धौरहरा से सांसद
निर्वाचित हुई थी।
2024 में 10 सीटों पर 16 महिला प्रत्याशी
18वीं
लोकसभा के लिए प्रदेश की जिन 10 संसदीय सीटों पर चुनाव होना है, उन पर कुल
130 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 16 महिला उम्मीदवार शामिल
हैं। शाहजहांपुर (अ0जा0) में 10, खीरी में 11, धौरहरा में 12, सीतापुर में
08, हरदोई (अ0जा0) में 12, मिश्रिख (अ0जा0) में 09, उन्नाव में 08,
फर्रूखाबाद में 08, इटावा (अ0जा0) में 07, कन्नौज में 15, कानपुर में 11,
अकबरपुर में 09 और बहराइच (अ0जा0) में कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
हैं। फर्रूखाबाद, कानपुर और अकबरपुर सीट पर महिला प्रत्याशियों की गिनती
शून्य है। धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, कन्नौज और बहराइच सीट से 1-1
महिला उम्मीदवार चुनावी समर में शामिल हैं। शाहजहांपुर, खीरी, और इटावा से
2-2 प्रत्याशी मैदान में हैं। मिश्रिख से सबसे ज्यादा 4 महिलाएं चुनाव
मैदान में उतरी हैं।
प्रमुख दलों की महिला प्रत्याशी
2024
के आम चुनाव में धौरहरा सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद रेखा वर्मा को तीसरी
बार मैदान में उतारा है। शाहजहांपुर लोकसभा सीट से सपा ने ज्योत्सना गौंड
और हरदोई से पूर्व सांसद ऊषा वर्मा को मैदान में उतारा है। मिश्रिख सीट से
सपा की ओर से संगीता राजवंशी मैदान में हैं। उन्नाव सीट से सपा की टिकट पर
पूर्व सांसद अन्नू टन्डन मैदान में डटी हैं। इटावा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र
से बसपा ने सारिका सिंह बघेल को प्रत्याशी बनाया है। बात अगर 2019 के आम
चुनाव की कि जाए तो धौरहरा से भाजपा ने रेखा वर्मा, कांग्रेस ने सीतापुर से
कैसर जहां, मिश्रिख से मंजरी राही, उन्नाव से अन्नू टंडन और बहराइच से
सावित्री बाई फूले को टिकट दिया था। सपा की टिकट पर कन्नौज से डिम्पल यादव
और हरदोई से ऊषा वर्मा मैदान में थी। बसपा ने अकबरपुर सीट से निशा सचान पर
दांव लगाया था।





