लोकसभा अध्यक्ष ने अस्पताल जाकर पासवान का कुशलक्षेम जाना
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से आज फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में जाकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। बिरला बुधवार को फोर्टिस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पासवान से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से पासवान के इलाज के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही बिरला ने चिराग पासवान से भी भेंट कर कुशलक्षेम जाना। बिरला ने ट्वीट कर यह जानकारी देते हुए पासवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।उल्लेखनीय है कि मंत्री रामविलास पिछले महीने ही रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री पासवान दिल और गुर्दा से संबंधित तकलीफ से पीड़ित हैं।





