पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच लगे ठहाके, बाइडेन बोले- खुशी है आप फिर से व्हाइट हाउस आए
पीएम मोदी और बाइडन आज साझा हित के कई मूल्यों पर चर्चा करेंगे। व्हाइट हाउस ने इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि दोनों नेताओं के बीच कोरोनावायरस, वैक्सीन उत्पादन से लेकर आतंकवाद और अफगानिस्तान के मुद्दे पर बात होगी।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से द्विपक्षीय मुलाकात के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे। यहां दोनों के बीच ओवल ऑफिस में बैठक हुई। बातचीत के दौरान बाइडेन ने मोदी की तारीफ की और कहा, "आपका स्वागत है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी। हम आपको काफी समय से जानते हैं। हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्हाइट हाउस आए हैं। उन्होंने आगे कहा, "जैसा कि मैंने कहा था कि 2020 तक अमेरिका और भारत सबसे करीबी देश होंगे। हमारे रिश्ते वाकई काफी मजबूत हुए हैं।" बातचीत के दौरान दोनों के बीच ठहाके भी लगे।
पीएम का काफिला भारतीय समयानुसार ठीक रात 8.33 पर अमेरिकी राष्ट्रपति भवन पहुंचा। दोनों ही नेता आज साझा हित के कई मूल्यों पर चर्चा करेंगे। व्हाइट हाउस ने इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि दोनों नेताओं के बीच कोरोनावायरस, वैक्सीन उत्पादन से लेकर इंडो-पैसिफिक, आतंकवाद और अफगानिस्तान के मुद्दे पर बात होगी।
बताया गया है कि प्रधानमंत्री को रिसीव करने के लिए व्हाइट हाउस के वेस्ट विंग में व्हाइट हाउस के कार्यकारी प्रोटोकॉल प्रमुख मौजूद रहे। दोनों के बीच ओवल ऑफिस में करीब एक घंटे तक बैठक चलने का अनुमान है।





