लालू यादव परिवार संग दिल्ली में मनाएंगे होली -राहुल गांधी के साथ बैठक कर सुल्रझाएंगे सीटों पर फंसा पेंच

लालू यादव परिवार संग दिल्ली में मनाएंगे होली
-राहुल गांधी के साथ बैठक कर सुल्रझाएंगे सीटों पर फंसा पेंच
पटना ।आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव होली दिल्ली में मनाएंगे। इसको लेकर रविवार देर शाम वो सपरिवार दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ पत्नी राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बेटी मीसा भारती साथ गई हैं। तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री दिल्ली में ही हैं। 27 मार्च को तेजस्वी की बेटी कात्यायनी का जन्मदिन वहीं मनाएंगे।वहीं, दिल्ली रवाना होने से पहले लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, मीसा भारती ने बिहारवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर अभी तक बात नहीं बनी है। जानकारी के मुताबिक सीटों पर जो पेंच फंसा है, उसे दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलकर सुलझा सकते हैं।खास तौर से पूर्णिया से बीमा भारती के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है। उन्होंने शनिवार को आरजेडी की सदस्यता ग्रहण की है और पूर्णिया में एक्टिव भी हैं। वहीं, हाल ही में पप्पू यादव ने अपनी पार्टी जाप का कांग्रेस में विलय कर दिया है।बताया जा रहा है कि पप्पू यादव ने कांग्रेस के टिकट पर पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ने की शर्त पर ही इतना बड़ा निर्णय लिया है। इसलिए इस सीट पर तनातनी की स्थिति है। इसके साथ ही कटिहार समेत कई अन्य सीटों पर पेंच फंसा हुआ है।महागठबंधन में सीटों का बंटवारा अभी नहीं हुआ है, लेकिन लालू यादव जिस तरह से आरजेडी का सिंबल बांट रहे हैं, उससे गठबंधन के सहयोगी पार्टियों में रोष है। हालांकि इस मामले पर कोई भी खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।चर्चा है कि लालू यादव अपने पुराने रवैये को नहीं छोड़ रहे हैं, जबकि बैठक में तय हुआ था कि सभी एक साथ मिलकर सीटों की घोषणा करेंगे।





