अपने 'मसीहा' के लिए दुआ कर रहे लोग...बोले- शेर हैं लालू यादव, जल्द ही पहले जैसे दहाड़ेंगे
बिहार की राजनीति में लालू यादव कोई नाम नहीं... एक ब्रांड हैं। लोगों के दिलों में आज भी लालू यादव राज करते हैं। यही वजह है कि उनको गंभीर हालत में देख उनसे जुड़ा हर इंसान अपने भगवान से अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा है।
बिहार : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव की हालत बेहद नाजुक है। वे दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले लालू यादव के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है। क्या राजद के कार्यकर्ता और क्या उनके प्रशंसक और उनसे जुड़ा आम इंसान। हर कोई अब लालू यादव के मंगल स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहा है। बिहार में लगभग हर जिले में लोग मंदिर-मस्जिद जाकर अपने ईश्वर से राजद सुप्रीमो के बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया हो या ग्राउंड, लालू के स्वास्थ्य को लेकर हर कोई चिंतित दिखाई दे रहा है।
खगड़िया जिले में महामृत्युंजय जाप
राजद कार्यालय में गुरुवार को महामृत्युंजय जाप अनुष्ठान के साथ हवन पूजन किया गया। इस मौके पर पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ता भी शामिल हुए। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जल्द स्वास्थ्य होने की कामना को लेकर पूर्व नगर सभापति सह राजद एमएलसी प्रत्याशी मनोहर कुमार यादव एवं नगर सभापति सीता कुमारी ने हवन पूजन किया। इस मौके पर पंडितों ने महामृत्यंजय का जाप भी किया। हवन स्थल पर राजद सुप्रीमो की तस्वीर लगाई गई थी। मनोहर यादव ने कहा, ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे जल्द स्वस्थ होकर बिहार लौटें और गरीब दबे कुचले शोषित पीडि़त की आवाज को बुलंद करें। हमारे नेता गरीबों के मसीहा हैं।
राजद कार्यकर्ता विक्को यादव कहते हैं, 'हमारे नेता लालू यादव शेर हैं, वो जल्द ही ठीक होकर वापस लौटेंगे। वे पहले की तरह गरजेंगे। पूरा यकीन है। भगवान हमारे लालू जी को जल्दी से ठीक कर दें।'
मुंगेर में हवन और पूजन
मुंगेर में राजद सुप्रीमो लालू यादव की बिगड़ती तबीयत से राजद के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता चिंतित हैं। हवन और पूजा करके स्वस्थ्य होने की मंगल कामना कर रहे हैं। सलामती के लिए घरों में दुआ की जा रही हैं। गुरुवार को घोषीटोला स्थित काली मंदिर परिसर में महानगर युवा राजद अध्यक्ष आदर्श कुमार राजा ने हवन और जाप किया। गरीबों के आवाज को शीघ्र स्वस्थ्य होने की मंगलकामना की। इश्वर से प्रार्थना किया। इस मौके पर राजद प्रदेश महासचिव प्रमोद कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष सह जिला प्रवक्ता मंटू शर्मा, कुमार सौरव जायसवाल शामिल थे। दूसरी ओर दुर्गा मंदिर में राजद नेताओं ने भी शीघ्र स्वस्थ्य होने के लिए मंगल कामना की। इस मौके पर मनीष यादव, कुंदन यादव, विक्को यादव, छोटे मंडल,पंकज मंडल, तरुण यादव, अंकित यादव मौजूद थे।
अररिया- फारबिसगंज में लालू यादव के स्वास्थ्य की कामना
फारबिसगंज के सुल्तान पोखर स्थित सुल्तानी माई मंदिर में गुरुवार राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु कामना की गई। मंदिर में प्रार्थना के उपरांत राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि बिहार ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत के लोकप्रिय नेता लालू जी का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। उनके जल्दी स्वस्थ होने की मन्नत को लेकर सुल्तानी माई के मंदिर में प्रार्थना की गई। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के जिला प्रवक्ता गणेश खत्री, गौरीशंकर राय, राहुल साह, अजीत सोनी, गोवर्धन सहनी, कालू मंडल, किशोर राय, राजेश गुप्ता, बाबुल सिंह, गुलशन पासवान आदि भी उपस्थित थे।
मधेपुरा में राजद की महिला जिलाध्यक्ष ने की आराधना
राजद के महिला जिलाध्यक्ष सीमा गुप्ता ने मंदिर में जाकर पार्टी सुप्रीमो जल्द स्वस्थ होने को लेकर आराधना की है। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव का पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब है। पहले पटना में उनका इलाज चल रहा था। वहां से उन्हें दिल्ली शिफ्ट किया गया है। राजद सुप्रीमों गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने अपने आवास पर बाबा गणिनाथ के मंदिर में लालू प्रसाद यादव शीघ्र स्वस्थ होने के लिए बाबा से आराधना की। इसके अलावा वे दुर्गा मंदिर, भगवान शिव व बजरंगबली मंदिर में भी पूजा अर्चना की। महिला जिलाध्यक्ष ने कहा कि लालू प्रसाद यादव जन जन का नेता हैं। उनके प्रति सभी लोगों की आस्था है। वे जल्द ही स्वस्थ होकर समाज के सामने होंगे। वे जल्द स्वस्थ हो, इसके लिए हवन यज्ञ भी करेंगे।





