राष्ट्र की रक्षा के लिए क्षत्रिय अधिक संख्या में बच्चे पैदा करें : साध्वी प्रज्ञा
भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बाद फिर से विवादित बयान दिया है। दरअसल, सीहोर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साध्वी प्रज्ञा ने कहा है कि क्षत्रिय हमेशा राष्ट्र की रक्षा करता है। जनसंख्या नियंत्रण कानून उन लोगों पर लागू हो, जिन्हें राष्ट्र घात के लिए ट्रेनिंग दी जाती है। उन्होंने कहा है कि यह कानून उन लोगों पर लागू होना चाहिए जो राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल रहते हैं। राष्ट्र की रक्षा क्षत्रिय करते हैं, उन्हें अधिक संख्या में बच्चे पैदा करना चाहिए। साध्वी ने कहा, अपनी संतानों को अधिक पैदा करें। क्षत्रिय कुल खत्म हो जाएगा तो राष्ट्र की रक्षा कौन करेगा।
राष्ट्र की रक्षा के लिए संतान पैदा कीजिए सैनिक बनाइए
साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए संतान पैदा कीजिए सैनिक बनाइए। उन्होंने आरक्षण को लेकर कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण हो, जो गरीब हैं उनको आरक्षण मिले। अपना जीवन अच्छा बिता सकें यह आरक्षण है।
दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग राष्ट्र को अपमानित करते हैं, भगवा को आतंकवादी कहते हैं, वह क्षत्रिय नहीं होते। वे लोग भगवा का अपमान करते हैं, हिंदुत्व का अपमान करते हैं, ऐसी शब्द बोलने वाले लोगों को राजा नहीं कहना चाहिए।
ममता बनर्जी पागल हो गई हैं- साध्वी प्रज्ञा
ममता बनर्जी पर हमला करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि वह पागल हो गई हैं। ममता बनर्जी तिलमिला गई हैं, उनको समझ आ गया है कि बंगाल में बीजेपी और हिंदू का शासन आएगा। बंगाल अखंड भारत का हिस्सा है, यह इसे अलग करने का प्रयास कर रही हैं। बीजेपी ऐसा नहीं होने देगी।





