केजरीवाल ने अन्य मुख्यमंत्रियों से लगाई गुहार : कहा- आपके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है तो दिल्ली को प्रदान करें
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि हम सभी मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिख रहे हैं और उनसे अनुरोध कर रहे हैं कि अगर उनके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है तो वे दिल्ली को प्रदान करें।
दिल्ली में ऑक्सीजन की भारी किल्लत बनी हुई है। शनिवार को पांचवें दिन भी कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। ऑक्सीजन की कमी के चलते आज भी कई मरीजों की जान चली गई। साथ ही अस्पताल नए रोगियों की भर्ती नहीं कर रहे हैं।
इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि हम सभी मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिख रहे हैं और उनसे अनुरोध कर रहे हैं कि अगर उनके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है तो वे दिल्ली को प्रदान करें। हालांकि, केंद्र सरकार भी हमारी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना से स्थिति बेहद खराब हो गई है और सभी उपलब्ध संसाधन अपर्याप्त साबित हो रहे हैं।
जीटीबी अस्पताल में नए मरीजों की भर्ती बंद
जीटीबी अस्पताल में नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी गई है। बेड की संख्या भी घटाकर 700 कर दी गई है। अस्पताल लगातार ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहा है। उपचाराधीन मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसको देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इससे पहले राजीव गांधी सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में भी 150 बेड घटाए गए थे।
राहुल गांधी ने दिल्ली के अस्पताल में 25 मरीजों की मौत पर दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऑक्सीजन की कमी के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में 25 मरीजों की मौत होने पर शनिवार को दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘दिल्ली के जयपुर गोल्डन अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से कई मरीजों की मौत बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के प्रति हैं।’ कांग्रेस नेता ने दिल्ली सरकार और पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करें।
सरोज अस्पताल ने बंद की नई भर्तियां
दिल्ली के सरोज अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत है, जिसके चलते अस्पताल ने नए मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी है और पुराने मरीजों को डिस्चार्ज कर रहे हैं। यह जानकारी अस्पताल के कोविड इंचार्ज ने दी। सरोज अस्पताल ने बताया कि उसके कर्मी पांच दिन से ऑक्सीजन पाने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं। अब हम थक चुके हैं इसलिए प्रयास छोड़ रहे हैं। सभी प्रयास विफल हुए हैं। हमें अपने कोटे की दवाई और ऑक्सीजन नहीं मिली और सरकार हमें ये सब उपलब्ध कराने में नाकाम रही है।





