दिल का दौरा पड़ने के बाद कपिल देव की एंजियोप्लास्टी की गई , दो दिन में अस्पताल से छुट्टी की उम्मीद
नई दिल्ली : भारत के पहले विश्व कप विजेता क्रिकेट कप्तान कपिल देव की दिल का दौरा पड़ने के बाद शुक्रवार को एंजियोप्लास्टी की गई। अगले दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है. फोर्टिस एस्कोर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट ने यह जानकारी दी जहां कपिलदेव ईलाजरत हैं। दिल्ली के सुंदर नगर में रहने वाले कपिल (61 वर्ष) को गुरुवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद ओखला के फोर्टिस एस्कोर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के आपात विभाग में ले जाया गया.अस्पताल ने अपने शुरुआती बयान में सिर्फ सीने में दर्द का ही जिक्र किया था, लेकिन फिर अपडेट स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा, 'क्रिकेटर कपिल देव को दिल का दौरा पड़ा था. उनकी जांच की गई और रात में ही आपात कोरोनरी एंजियोप्लास्टी की गई.' इसके अनुसार, 'इस समय वह डॉ. अतुल माथुर और उनकी टीम की देखरेख में आईसीयू में हैं, उनकी हालत स्थिर है. उन्हें दो दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है.' सोशल मीडिया पर काफी लोगों ने 1983 विश्व विजेता महान ऑलराउंडर के तेजी से उबरने की कामना की जिसमें भारतीय कप्तान विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर मदन लाल ,भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह,कीर्ति आजाद ,युवराज सिंह सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. भारत के महान क्रिकेटरों में से एक कपिल ने 131 टेस्ट और 225 वनडे खेले हैं. वह क्रिकेट के इतिहास में एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 400 से ज्यादा (434) विकेट अपने नाम कर टेस्ट मैचों में 5000 से ज्यादा रन जुटाए हैं. वह 1999 और 2000 के बीच भारत के राष्ट्रीय कोच भी रह चुके हैं. कपिल को 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था.





