झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक 22 को
रांची,
21 फरवरी । पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने और राज्य
में बदले राजनीतिक हालात के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय
कार्यकारिणी की बैठक 22 फरवरी को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर
होगी।
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को बताया
कि यह बैठक कई मायने में अहम होगी। हमलोग जल्द से जल्द अपने नेता हेमंत
सोरेन को अपने बीच देखना चाहते हैं। पार्टी जो कार्यक्रम-आंदोलन अभी चल रहा
है, वह जारी रहेगा। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके साथ ही
गठबंधन को लेकर दिल्ली में हुई चर्चा, लोकसभा चुनाव की तैयारी, सांगठनिक
मजबूती, तैयारी, सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले बजट और कल्याणकारी योजनाओं
को जन-जन तक जाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता
पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन करेंगे।





