अफगानिस्तान में फंसे लोगों को लेकर आया इंडियन एयरफोर्स का एयरक्राफ्ट
तालिबान के द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने के कारण वहां फंसे लोग अपने-अपने मुल्क लौट रहे हैं। इसी क्रम में गाजियाबाद में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से इंडियन एयरफोर्स का एयरक्राफ्ट हिंडन एयरबेस पर कुछ लोगों को लेकर उतरा है।
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद वहां फंसे भारतीयों को काबुल से लेकर वायुसेना का विमान सी-17 ग्लोबमास्टर मंगलवार शाम हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। विमान के हिंडन में उतरते ही सुबह से अपनों का इंतजार कर रहे लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए काबुल से लौटे भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवानों और अन्य लोगों पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
भारतीय वायुसेना के विमान सी-17 ग्लोबमास्टर ने करीब 120 लोगों को लेकर अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से मंगलवार सुबह उड़ान भरी। सुबह करीब 11 बजे विमान जामनगर पहुंचा। उधर, सुबह दस बजे से ही हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के बाहर मीडिया और लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया।
वायुसेना और आइटीबीपी के अधिकारी भी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और वहां से लौटने वालों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की तैयारी की। शाम करीब पांच बजे विमान हिंडन के रनवे पर उतरा। कुछ देर बाद काबुल स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत रुद्रेंद्र टंडन एयरफोर्स स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके बाद बसों और कारों से करीब सौ लोग बाहर आए। लोगों ने आइटीबीपी की बसों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
तीन बसों से किया गया रवाना
हिंडन एयरबेस से शाम करीब छह बजे आइटीबीपी की तीन बसों में जवानों और अन्य नागरिकों को रवाना किया गया। बड़ी संख्या में मीडिया और अन्य लोग मौजूद थे। इसके चलते वायुसेना के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बसों को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से बाहर निकाला। अफगानिस्तान से लौटे जवानों ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।





