भारत जल्द ही हासिल करेगा सौ करोड़ कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य : मनसुख मंडाविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत कोविड टीकाकरण में कुछ ही दिनों में 100 करोड़ की खुराक के लक्ष्य को पार कर जाएगा। देश अक्टूबर में 28 करोड़ से अधिक खुराक का उत्पादन करेगा।
नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत कोविड टीकाकरण में कुछ ही दिनों में 100 करोड़ की खुराक के लक्ष्य को पार कर जाएगा। देश अक्टूबर में 28 करोड़ से अधिक खुराक का उत्पादन करेगा। भारत सरकार ने बयान जारी कर कहा कि भारत का कोविड टीकाकरण 96.78 करोड़ को पार कर गया है, जिसमें 32 लाख (32,36,997) से अधिक वैक्सीन खुराक आज शाम 7 बजे तक दी गई हैं।
भारत 18-19 अक्टूबर तक सौ करोड़ कोरोना वैक्सीन डोज का ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लेगा और यह एक बड़ी उपलब्धि होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आज दोपहर तक देश में 96.59 करोड़ डोज दिए जा चुके हैं। बच्चों के लिए वैक्सीन से संबंधित सवाल पर सूत्रों ने बताया कि बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन मंजूरी के लिए अभी एक और कमेटी DCGI में जाएगी। चूंकि यह बच्चों का मामला है इसलिए इस मामले को विशेषज्ञ देख रहे हैं और सारे तथ्यों की पड़ताल के बाद ही अंतिम फैसला होगा।
बुधवार शाम 06:45 बजे तक किस राज्य में कितने टीके
महाराष्ट्र- 6.40 लाख
उत्तर प्रदेश- 2.83 लाख
गुजरात- 2.38 लाख
मध्य प्रदेश- 1.41 लाख
हरियाणा- 1.18 लाख
दिल्ली- 0.74 लाख
राजस्थान- 0.73 लाख
पंजाब- 0.68 लाख
जम्मू-कश्मीर- 0.62 लाख
छत्तीसगढ़- 0.60 लाख
बिहार- 0.57 लाख
हिमाचल- 0.19 लाख
उत्तराखंड- 0.18 लाख
झारखंड- 0.16 लाख (कोविन पोर्टल के आंकड़े)।





