आग लगने से धूपबत्ती गोदाम जलकर खाक

आग लगने से धूपबत्ती गोदाम जलकर खाक
लखनऊ, 24 फरवरी । चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पूजा के सामान के गोदाम में आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियों ने आग को बुझाने में सफलता पायी है। आग से कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन किया जा रहा है।
चौक थाना क्षेत्र स्थित रकाबगंज ढाल के पास जमलदास ट्रेडर्स के गोदाम है। यहां पर धूप बत्ती, पूजा का सामान रखा है। गोदाम मालिक रजत शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि गोदाम में आग लग गई है। उन्होंने फौरन पुलिस, अग्निशमन विभाग को सूचित करते हुए गोदाम पहुंचे। फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाने में सफलता हासिल की है।
गोदाम मालिक के मुताबिक, गोदाम के बाहर जलाये गए कूड़े की वजह से गोदाम में आग लगी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं गोमती नगर में नगर निगम की केंद्रीय कार्यशाला के सामने सड़क पार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भीखमपुर के पास नगर निगम की कबाड़ वाली गाड़ियाें में गुरुवार की देर रात आग लग गई। आग में लगभग 40 कबाड़ गाड़ियां जल गई। आग की लपटों और धुएं से आसपास पॉश इलाके के लोगों में दहशत में आ गए। आग इतनी भीषण थी कि बुझाने में फायर ब्रिगेड की छह और नगर निगम के चार टैंकरों को दो घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि आग कबाड़ में लगी है। ऐसे में कोई नुकसान तो नहीं हुआ। आग कैसे लगी, इसकी जांच कराई जाएगी।





