दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम का उद्घाटन, अमित शाह ने कहा- भारत के 'खेल शहर' के रूप में जाना जाएगा
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम का उद्घाटन, अमित शाह ने कहा- भारत के 'खेल शहर' के रूप में जाना जाएगा
अहमदाबाद (गुजरात) : दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन अहमदाबाद में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि इस स्टेडियम का नाम नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi stadium) होगा। इसके बाद अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम हो गया है। इसी स्टेडियम पर भारत और इंग्लैंड के बीच पिंक बॉल टेस्ट खेला जाना है।
इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद के मोटेरा में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम का उद्घाटन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, खेल मंत्री किरेन रिजिजू, और बीसीसीआई सचिव जय शाह भी इस दौरान स्टेडियम में मौजूद थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में कहा कि मोटेरा में सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव और नरेंद्र मोदी स्टेडियम के साथ नारनपुरा में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये तीनों स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स किसी भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने के लिए सुसज्जित होंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद अहमदाबाद को भारत के 'खेल शहर' के रूप में जाना जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया कि हमने यहां इस तरह की सुविधा कर दी है कि 6 महीने में ओलंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ जैसे खेलों का आयोजन कर सकता है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद को अब खेलों के शहर(Sports City) के रूप में जाना जाएगा।
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम रहते हुए ये सपना देखा था, जो अब पूरा है। उन्होंने कहा कि नए स्टेडियम को दुनिया के सबसे बड़े और सबसे अत्याधुनिक स्टेडियम के तौर पर बनाया गया है। शाह बोले कि मैं नरेंद्र मोदी के साथ लंबे समय से काम कर रहा हूं। वे हमेशा से युवाओं को खेल के प्रोत्साहित करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया के तहत उन्होंने अपने इस विजन को गांव-गांव तक पहुंचाया है।





