बिहार में 74.39% मतदाताओं ने जमा किए एन्यूमरेशन फॉर्म, शेष 14 दिनों में लक्ष्य पूरा करने की तैयारी

बिहार में 74.39% मतदाताओं ने जमा किए एन्यूमरेशन फॉर्म, शेष 14 दिनों में लक्ष्य पूरा करने की तैयारी
पटना, 11 जुलाई 2025। बिहार में मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म भरने और जमा करने का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। राज्य के कुल 7.89 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 74.39% यानी 5.87 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर दिए हैं। यह आंकड़ा पिछले 17 दिनों में प्राप्त किया गया है, जब से 24 जून 2025 को SIR संबंधी निर्देश जारी किए गए थे।
इस अभियान के दूसरे चरण में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता कर रहे हैं और उन्हें एकत्र कर रहे हैं। राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत 38 जिलाधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और 963 सहायक ERO (AERO) इस प्रक्रिया की नियमित निगरानी कर रहे हैं, जिससे कार्य में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी हुई है।
डिजिटलीकरण और अपलोडिंग का कार्य भी सुचारु रूप से चल रहा है। SIR दिशानिर्देशों के पैरा 3(h) के अनुसार, BLOs ने अब तक एकत्र किए गए फॉर्मों में से 3.73 करोड़ फॉर्म BLO ऐप और ECINet के माध्यम से सफलतापूर्वक डिजिटाइज़ और अपलोड कर दिए हैं। आज ECINet में एक नया मॉड्यूल भी लागू किया गया है, जिसके माध्यम से AERO और ERO अपलोड किए गए फॉर्मों की ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
इस महाअभियान में 77,895 BLOs, 20,603 नव नियुक्त BLOs और अन्य चुनाव अधिकारी लगातार जुटे हुए हैं। इसके अतिरिक्त 1.56 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA), जिन्हें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त किया गया है, और 4 लाख से अधिक स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार और कमजोर वर्गों की मदद कर रहे हैं। इन सभी के सामूहिक प्रयासों के कारण राज्य में 74.39% एन्यूमरेशन फॉर्म का संकलन संभव हो पाया है।
चुनाव आयोग ने बताया कि एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। ऐसे में आने वाले 14 दिनों में शेष मतदाताओं तक पहुंचने और 100% लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी अधिकारी और कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं।





