फिर से भाजपा सरकार बनी तो ये संविधान बदल देंगे : प्रियंका गांधी
महिला आत्याचार पर चुप्पी साध लेते हैं पीएम मोदी
रांची: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को रांची और गोड्डा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अगर फिर से केंद्र में मोदी सरकार बनी तो वह देश का संविधान बदल देगी। आरक्षण की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। ये इसलिए 400 सीटें मांग रहे हैं। उन्होंने केंद्र की सरकार को बेरोजगारी और महंगाई के मोर्चे पर फेल बताया। प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव के पहले मोदी सरकार ने हेमंत सोरेन को झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया। उन्हें लगा था कि इससे झारखंड में चुनाव आसानी से जीत जाएंगे, यहां का आदिवासी समाज ऐसा नहीं होने देगा। कल्पना सोरेन शेरनी की तरह उनकी बातें लोगों तक पहुंचा रही हैं। प्रियंका गांधी ने रोजगार के सवाल पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि पूरे देश के 50 लाख सरकारी नौकरियों के पद खाली हैं, लेकिन, वह अग्निवीर जैसे सेना भर्ती स्कीम लाकर युवाओं को बेरोजगार बना रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर झारखंड के जल, जंगल और जमीन को बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार आती है तो गांव मजबूत बनेगा और मनरेगा को गांव-गांव में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 400 रुपए होगी। महंगाई से निपटने के लिए गरीब परिवार की महिलाओं के खाते में 8,500 रुपए हर माह डाले जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर इलेक्टोरल बांड की स्कीम लाकर भाजपा के लिए गलत तरीके से चंदा इकट्ठा करने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि इन्होंने पूंजीपतियों और उद्योगपतियों का लाखों करोड़ का कर्जा माफ कर दिया, लेकिन किसी किसान को कोई राहत नहीं दी। प्रियंका गांधी ने गोड्डा से कांग्रेस के प्रदीप यादव और रांची से यशस्विनी सहाय को विजय बनाने की अपील करते हुए दावा किया कि इस बार केंद्र में 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बनेगी। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियां हमेशा आपको मजबूत बनाने वाली रही हैं लेकिन आज जो भाजपा की सरकार है वह ना तो आपको ठीक से पहचानती है ना आपके पक्ष में नीतियां बनाती है। प्रियंका ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर आपका जो अधिकार है उसे हम कम नहीं होने देंगे। आज भाजपा के नेता और इनके खरबपति मित्रों की नजर आपके जल, जंगल, जमीन पर है। एसपीटी और सीएनटी एक्ट के साथ छेड़छाड़ करने की इच्छा है। इन्होंने विपक्ष पर हमला किया हुआ है। मीडिया पर कब्जा किया हुआ है ताकि इनकी सच्चाई आपको नहीं पता चले। इनकी सच्चाई क्या है? इनकी सच्चाई ये है कि पूरे देश में इनकी सभी नीतियां इनके बड़े-बड़े खरबपति मित्रों के लिए बन रही हैं।
रांची में आदिवासी महिलाओं के साथ झूमीं प्रियंका गांधी
रांची लोकसभा सीट की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय के लिए वोट मांगने के लिए रांची पहुंची प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करने से पहले प्रियंका गांधी रांची एयरपोर्ट पर जमकर स्वागत हुआ। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का भव्य स्वागत पारंपरिक ढोल नगाड़े के साथ किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं के साथ ढोल और नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक गीतों पर नृत्य भी किया।





