गृहमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- एक नेता सुंदरकांड करवा रहा, दूसरा लंकाकांड में व्यस्त
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा जोरों से छाया हुआ है। भाजपा और कांग्रेस नेता मंदिर निर्माण को लेकर खूब बयानबाजी कर रहे हैं और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पूर्व सीएम और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करवाया। उन्होंने प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने घरों में हनुमान चालीसा का पाठ करने की अपील की थी। कांग्रेस में राम भक्त बनने की होड़ पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि रामभक्त इतने नासमझ नहीं हैं कि कथनी और करनी का भेद नहीं समझ पाएं। उसका एक नेता सुंदर कांड कराने की बात करता है तो दूसरा लंका कांड में व्यस्त है। राममंदिर मुद्दे पर कांग्रेस का स्वांग अब और नहीं चलेगा।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हनुमान चालीसा करने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जान न जाए निशाचर माया, काल नेम केही कारण आया, उब रहे अंत न होए निभाउ। क्या राम भक्तों को इतना नासमझ रहे हैं। क्या एक तरफ सुंदरकांड हो और दूसरी तरफ कांग्रेस का लंका कांड की तरह ढहाने का कांड हो। मंत्री मिश्रा ने कहा कि जिस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक शब्द नही बोला है, वो पार्टी श्रेय कैसे लेना चाह रही है, एक व्यक्ति तिथि टालने की बात कर रहा है, एक सुंदरकांड कर रहा है। राम भक्त इतने नासमझ नहीं है कि तुष्टिकरण की राजनीति को न समझ पाए। कांग्रेस की पूरी पार्टी को राम मंदिर पर एक लाइन होकर कुछ बोलना चाहिए। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा के एजंडे में था, राम मंदिर। हमने सौगंध खाई थी कि राम मंदिर वहीं बनाएंगे, बना रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान अध्यक्ष अपनी नीति स्पष्ट करें।
लॉकडाउन अनंतकाल तक संभव नहीं
राजधानी भोपाल में लगा 10 दिन का लॉकडाउन आज मंगलवार से समाप्त हो गया है। हालांकि रात्रि कफ्यू जारी रहेगा। दस दिन बाद भोपाल अनलॉक पर गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि तेरा तुझ को अर्पण क्या लागे मेरा, हमने जनता के हवाले सब छोड़ दिया है वो सावधानी बरतें। सरकार ऑक्सीजन, वेंटिलेटर ओर दवाई फ्री दे रही है, जनता कोशिश करें ये फ्री इलाज की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का असर जरूर होता है। इससे हर जगह कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है। लेकिन इसे अनंतकाल तक नहीं रखा जा सकता। इससे आम आदमी की रोजी-रोटी प्रभावित होती है। इसलिए सभी से विनती है कि अब अनलॉक में पूरी सावधानी बरतें।





