डॉ.विजय कृष्ण मामले की उच्चस्तरीय जाँच, परिवार को न्याय देने की राज्यपाल से की माँग
रांचीः गोड्डा के सरकारी चिकित्सक डॉ.विजय कृष्ण श्रीवास्तव के संदेहास्पद एवं दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के मामले में 20 अक्टूबर को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, झारखण्ड प्रदेश के एक चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ.प्रणव कुमार बब्बू के नेतृत्व में झारखण्ड की राज्यपाल से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को जानकारी दी गयी कि गोड्डा के सरकारी चिकित्सक डॉ.विजय कृष्ण श्रीवास्तव को पिछले छह महीने से वेतन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था और इस संदर्भ में उनके द्वारा सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिला प्रशासन से भी अनुरोध करने का कोई फायदा नहीं हुआ. माननीय राज्यपाल को जानकारी दी गयी कि डॉ.श्रीवास्तव की आर्थिक स्थिति काफी बिगड़ गयी थी और इसी दौरान 7 अक्टूबर को उनका शव काफी दुर्भाग्यपूर्ण अवस्था में उनके घर से मिला.डॉ.श्रीवास्तव की संदेहास्पद मृत्यु एवं उनके प्रति उपेक्षित-असंवेदनशील व्यवहार के संदर्भ में राज्यपाल को प्रतिनिधिमंडल ने एक माँग पत्र सौंपा और इस सम्पूर्ण घटना की सीबीआई का किसी अन्य एजेंसी से उच्चस्तरीय निष्पक्ष जाँच तथा दोषी लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज़ कर कार्रवाई की माँग की गयी। राज्यपाल महोदया को सम्पूर्ण घटना की क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि इस मामले पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.प्रणव कुमार बब्बू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, एबीकेएम झारखण्ड की महिला विंग की उपाध्यक्ष कुमकुम गौड़ एवं संगठन मंत्री स्वेता स्मिता बरियार शामिल थीं।





