गोपाल हॉस्पिटल में बच्ची की मौत पर सुनवाई, राष्ट्रीय महिला आयोग ने दिए जांच के निर्देश
बिजनौर | राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने आज उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के विकास भवन सभागार में एक 'महिला जनसुनवाई' कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

बिजनौर | राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने आज उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के विकास भवन सभागार में एक 'महिला जनसुनवाई' कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान महिलाओं से जुड़ी समस्याओं और विभिन्न शिकायतों की सुनवाई की। इस दाैरान श्री गोपाल हॉस्पिटल के मामले में सुनवाई करते हुए आयोग की अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीएमओ को निष्पक्ष जाँच कर पांच दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है |
इस एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जिले भर से कुल 120 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 90 नई शिकायतें और 30 शिकायतें पुरानी या पोर्टल के माध्यम से आई थीं। इनमें नजीबाबाद रोड स्थित श्री गोपाल हॉस्पिटल के चिकित्सक की कथित घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण एक मासूम बच्ची की मौत के मामला भी शामिल रहा। इस प्रकरण में मृतका की मां प्रीती मिश्रा ने विकास भवन में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई ।
हल्दौर के मौहल्ला तोलावाला निवासी प्रीती मिश्रा पत्नी संजीव मिश्रा ने 05 अगस्त 2026 को अपनी पुत्री प्रिशा मिश्रा को सामान्य बुखार की शिकायत पर नजीबाबाद रोड स्थित श्री गोपाल हॉस्पिटल में डॉ. पंकज चौधरी को दिखाया था।
डॉक्टर की सलाह पर बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि 06 अगस्त 2026 को बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक परिजनों के बार-बार कहने के बावजूद डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। समय पर इलाज न मिलने के कारण बच्ची ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्ची की मृत्यु के बाद पता चला कि डॉक्टर साहब बाहर गए हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा ने इस पर त्वरित संज्ञान लिया है। आयोग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर 5 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, मामले में उचित कार्रवाई का भी आश्वासन दिया गया है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।





