कोडरमा में आधी आबादी के पास है सत्ता की चाबी

कोडरमा,। कोडरमा में आधी आबादी के पास सत्ता की चाभी है। कोडरमा
में कई महिला जनप्रतिनिधि गांव की सरकार के साथ सांसद, विधायक के अलावा नगर
परिषद झुमरीतिलैया, कोडरमा और डोमचांच नगर पंचायत में भी कार्यकाल समाप्त
होने के पूर्व कई पदों पर महिला प्रतिनिधित्व कर रही थी।
लोकसभा के
चुनाव मे दूसरी बार अन्नपूर्णा देवी सांसद बनी है। वर्तमान सरकार में
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री तथा भाजपा में केंद्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व
भी संभाला। झारखंड गठन के बाद तीन बार विधायक के साथ ही मंत्री का का पद
भी संभाला, जबकी कोडरमा की वर्तमान विधायक नीरा यादव भी पिछले 10 वर्षो से
विधायक के रूप में बागडोर संभाल रही है।
इधर कोडरमा संसदीय क्षेत्र
के गांडेय विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी चुनाव जीत कर राजनीति में महिला सशक्तिकरण की
मिसाल कायम की है। कल्पना सोरेन राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री भी बन
सकती हैं, इसका संकेत जेएमएम के वरीय नेताओं ने पूर्व में दे दिया है।
वहीं
कोडरमा की राजनीति में आधी आबादी ने सत्ता की चाबी केंद्र, राज्य, जिला
एवं गांव में संभाली है। इसमे जिला परिषद में उपाध्यक्ष के पद पर दूसरी बार
निर्मला देवी चुन कर आई और जिप सदस्य में 12 में से सात महिलाएं ही
प्रतिनिधित्व कर रही है। इसमें डोमचांच में शांतिप्रिया, मरकच्चो में
गुड़िया देवी, रीता देवी, चन्दवारा में नीतू यादव, जयनगर मे निर्मला देवी,
प्रीति कुमारी, सतगावां में नीतू कुमारी का नाम शामिल है। जबकि छह प्रखंडों
में चार प्रखंड में प्रमुख महिला और तीन में उपप्रमुख का दित्व सम्हाल रही
है। इसमें कोडरमा में प्रमुख सुषमा देवी, जयनगर में अंजू देवी, चन्दवारा
मे मंजू देवी, सतगावां मे ललिता देवी तथा उपप्रमुख में डोमचांच में नेहा
कुमारी, चन्दवारा में खुशबू देवी, मरकच्चो में पिंकी देवी का नाम शामिल है।
जबकि कोडरमा नगर पंचायत में पहले अध्यक्ष कांति देवी और उपाध्यक्ष कुलवीर
सलूजा रह चुकी हैं।
बड़े प्रशासनिक पदाधिकारियों में भी महिलाओं का दबदबा
जिले
के राजनीतिक गलियारे के साथ साथ प्रशासनिक पदों पर भी आधी आबादी की शक्ति
देखने को मिल रही है। यहां उपायुक्त मेघा भारद्वाज, एसी पूनम कुजूर, जिला
सहकारिता पदाधिकारी रूमा झा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा,
एसडीओ रीया सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी कन्या उस्मानी, क्षेत्रीय शिक्षा
पदाधिकारी कंचन कुमारी, कोडरमा बीडीओ सुमन गुप्ता, चंदवारा बीडीओ कनक लता,
मरकच्चो व डोमचांच में सीडीपीओ नायब जेवा सहित कई अन्य विभागों में महिलाएं
अपने दायित्वों का निर्वाह कर अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही है।





