हैती के प्रधानमंत्री एरियल हेनरी को पद न छोड़ने पर नरसंहार की चेतावनी
पोर्ट-ऑ-प्रिंस
(हैती) । हिंसा की लपटों में झुलस रहा कैरिबियाई देश
हैती कई तरह की दुश्वारियों का सामना कर रहा है। गृहयुद्ध जैसे हालात पैदा
हो गए हैं। आपातकाल लागू है। इस बीच "बारबेक्यू" के नाम से जाने जाने वाले
शक्तिशाली गिरोह के नेता जिमी चेरिसियर ने चेतावनी दी है कि अगर
प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने पद नहीं छोड़ा तो राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस में
व्याप्त मौजूदा अराजकता "नरसंहार" में बदल जाएगी।
जिमी
चेरिसियर ने राजधानी में संवाददाता सम्मेलन में कहा, "अगर एरियल हेनरी
इस्तीफा नहीं देते और अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय उनका समर्थन करना जारी रखता
है, तो हम सीधे गृहयुद्ध की ओर बढ़ेंगे, जिससे नरसंहार होगा।" उल्लेखनीय
है कि कुछ रोज पहले पोर्ट-ऑ-प्रिंस से करीब 3700 कैदी जेल तोड़कर फरार हो
चुके हैं। पोर्ट-ऑ-प्रिंस को "दुनिया का सबसे खतरनाक शहर" कहा जाता है। कहा
जाता है कि 200 से अधिक सशस्त्र गिरोह हैती की 80 प्रतिशत राजधानी पर शासन
करते हैं और आतंक, यौन हिंसा, यातना और अराजकता फैलाते हैं।
हैती
में ताजा हिंसा बीते गुरुवार को तब शुरू हुई जब प्रधानमंत्री एरियल हेनरी
ने नैरोबी का दौरा किया। इस दौरे पर उन्होंने केन्या की मल्टीनेशनल
सिक्योरिटी फोर्स को हैती भेजने को लेकर चर्चा की। इसके बाद रविवार को कई
सशस्त्र गुटों ने पोर्ट ऑ प्रिंस जेल पर हमला कर दिया। इस हमले में कई
दर्जन लोग मारे गए।





