वर्ष के पहले दिन गुजरात ने बनाया सामूहिक सूर्य नमस्कार का विश्व रिकॉर्ड
गांधीनगर,
1 जनवरी नववर्ष के पहले दिन गुजरात में एक साथ 108 जगहों पर कुल
50 हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
में भारत का वर्ष 2024 का पहला रिकॉर्ड दर्ज कराने की उपलब्धि हासिल की है।
मुख्यमंत्री
भूपेंद्र पटेल और खेल राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में गुजरात
राज्य योग बोर्ड की ओर से सोमवार को मेहसाणा जिले के मोढेरा गांव में स्थित
प्राचीन सूर्य मंदिर के परिसर में सामूहिक सूर्य नमस्कार का राज्य स्तरीय
कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। खेल, युवक सेवा और सांस्कृतिक
गतिविधियां विभाग की ओर से सूर्य नमस्कार अभियान के अंतर्गत एक महीने तक
ग्राम, तहसील, जिला, नगर और महानगर स्तर पर राज्यव्यापी सूर्य नमस्कार
प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मोढेरा में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक
सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन
प्रतियोगिताओं के विजेता योग साधकों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित
किया।
मुख्यमंत्री ने विशाल संख्या में उपस्थित योग साधकों और सूर्य
नमस्कार करने वाले लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का
गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने योग की प्राचीन परम्परा को
दुनिया के समक्ष उजागर कर 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाने की
शुरुआत कराई और योग साधना के माध्यम से दुनिया को जोड़ने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार जैसी प्राचीन
स्वास्थ्यवर्धक व्यायाम एवं कसरत परम्परा व्यक्ति को आध्यात्मिकता के साथ
भी जोड़ने वाली अनूठी संस्कृति है।
सामूहिक सूर्य नमस्कार देश-दुनिया को नई दिशा देगा: हर्ष संघवी
राज्य
मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि देश के इतिहास में सामूहिक सूर्य नमस्कार की
प्रथम घटना मोढेरा सहित राज्य के 108 स्थानों पर दर्ज हुई है। उन्होंने कहा
कि यह सामूहिक सूर्य नमस्कार देश और दुनिया को एक नया दिशा-दर्शन देगा।
पूरे राज्य में पिछले एक महीने के दौरान 15 लाख से अधिक नागरिक सूर्य
नमस्कार अभियान से जुड़े हैं, जिन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आज राज्य
स्तरीय सम्मान समारोह में हम सभी इस ऐतिहासिक घटना के साक्षी बने हैं। हर्ष
संघवी ने कहा कि वर्ष 2024 के पहले दिन राज्य के विभिन्न 51 स्थलों पर
विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय
प्रतियोगिता के तीन पुरुष और तीन महिला विजेताओं का सम्मान किया गया। पुरुष
विजेताओं में पहले स्थान पर रहे साबरकांठा के कल्पेशभाई सवजीभाई, दूसरे
स्थान पर रहे गिर सोमनाथ के अनिल कुमार बांभणिया और तीसरे स्थान पर रहे
छोटाउदेपुर के राठवा करशनभाई को सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय
प्रतियोगिता की महिला विजेताओं में पहले स्थान पर रहीं बनासकांठा की पटेल
याना विनोद कुमार, दूसरे स्थान पर रहीं राजकोट की वखारिया दृष्टि चेतन
कुमार और तीसरे स्थान पर रहीं मेहसाणा की पटेल पूजा घनश्यामभाई को सम्मानित
किया गया। राज्य स्तर के विजेताओं को क्रमशः 2.50 लाख रुपए, 1.75 लाख और 1
लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम
में खेल, युवा सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी
कुमार, युवा सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयुक्त आलोक कुमार पांडे, योग
बोर्ड के चेयरमैन शीशपाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष तृषाबेन पटेल,
विधायक सुखाजी ठाकोर, अग्रणी गिरीशभाई राजगोर, जिला कलेक्टर एम. नागराजन,
जिला विकास अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश सहित जिले के अधिकारी, पदाधिकारी और योग
साधक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।





