वोटिंग के दौरान बिजली नहीं जाने की दें गारंटी -निर्वाचन विभाग ने बिजली कंपनियों और सभी डीएम को लिखा पत्र
लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान बिहार में बिजली गुल नहीं होगी। निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति किया जाएगा। मतदान के दौरान वोटर को वोटिंग में कोई कठिनाई नहीं हो, इसके लिए यह व्यवस्था की जाएगी। बिहार में 19 अप्रैल से पहले चरण का मतदान है।बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच आर श्रीनिवास ने इसको लेकर बिजली विभाग को पत्र लिखा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बिजली की दोनों कंपनी साउथ बिजली डिस्ट्रीब्यूशन और नॉर्थ बिजली डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के साथ-साथ जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि बिहार में सात चरणों में मतदान है।जिसकी शुरुआत 19 अप्रैल से हो रही है। मतदान शुरू होने के पहले और मतदान खत्म होने के बाद तक संबंधित जिलों में बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखा जाए।निर्वाचन विभाग ने कहा है कि हर हालत में बिजली आपूर्ति लगातार जारी रहे। बिजली कंपनियां यह सुनिश्चित करें कि मतदान के दौरान केंद्रों पर बिजली आपूर्ति ठप ना हो। सीईओ कार्यालय ने बिजली कंपनी से इंजीनियरों को अलर्ट पर रखने को कहा है। कहा है कि किसी तरह की विकट परिस्थितियों में बाधित बिजली को बहाल को लेकर बिजली कमियों और इंजीनियर को अलर्ट पर रखें।बता दें कि लोकसभा चुनाव की वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान शाम 4 बजे तक होगा। वोटिंग सेंटर पर बिजली आपूर्ति को लेकर भी कहा गया है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कहा है कि मतदान के दौरान ईवीएम के पास पर्याप्त मात्रा में रौशनी की व्यवस्था हो।बिहार में पहले चरण के मतदान में कुल चार सीट पर वोटिंग होनी है। चार सीटों के 24 विधानसभा क्षेत्रों पर वोट डाले जाएंगे। स्कूल, सामुदायिक भवन, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्रों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं।





