टीकमगढ़ः नाबालिग को अगवा कर चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
टीकमगढ़,
9 फरवरी । जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक
दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नाबालिग को आगवा कर गांव के चार युवकों ने
दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित लड़की और उसके
परिजन शिकायत दर्ज कराने मोहनगढ़ थाने पहुंचे। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे
बाद चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित
नाबालिग के पिता ने बताया कि गत 7 फरवरी की शाम लड़की खेत पर गई थी। इसी
दौरान गांव के सोनू यादव, सौरभ यादव, स्वतंत्र यादव और भुमानी दास कुशवाहा
ने उसे अगवा कर खेत में ले गए और उसके साथ जबरन दुराचार किया। देर रात तक
जब लड़की घर नहीं आई तो हम लोग उसकी तलाश में खेत पर गए। वहां लड़की बेहोशी
की हालत में पड़ी मिली। बच्ची को उठाकर घर लाए और होश में आने के बाद
पूछताछ की। इस दौरान लड़की ने आपबीती सुनाई। रात अधिक हो जाने के कारण अगले
दिन 8 फरवरी की सुबह परिजनों ने मोहनगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई,
लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
उन्होंने बताया कि
गुरुवार को दिन भर हम लोग थाने में बैठे रहे। शाम को पुलिस ने मेडिकल
परीक्षण कराया। इस दौरान आरोपितों के परिजनों ने समझौता करने के लिए दबाव
बनाया और चार लाख देने की बात कही। इसके बाद शुक्रवार सुबह हम फिर थाने
पहुंचे। तब कहीं जाकर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मोहनगढ़
थाना पुलिस के अनुसार, चारों आरोपित सोनू यादव (30), सौरभ यादव (21),
स्वतंत्र यादव (20) और भुवानी दास कुशवाहा (32) के खिलाफ दुराचार सहित
पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि
चारों आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। लड़की के न्यायालय में बयान दर्ज
कराए गए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द उनकी
गिरफ्तारी कर ली जाएगी।





