बिहार पुलिस के 14 जवानों को मिलेगा वीरता पुरस्कार -मुख्यालय स्तर पर नई चयन समिति का गठन
बिहार पुलिस के 14 जवानों को मिलेगा वीरता पुरस्कार
-मुख्यालय स्तर पर नई चयन समिति का गठन
पटना ।बिहार पुलिस के 14 जवानों को वीरता पुरस्कार दिया जाएगा। नए नियमों के तहत जवानों को यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। गृह विभाग ने इसके साथ ही चयन समितियों का भी पुनर्गठन किया है। कमेटी में क्षेत्रीय स्तर के अफसरों को जगह दी गई है।गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय स्तर पर नई चयन समिति का गठन किया है। छह सदस्यीय समिति का गठन हुआ है। पुलिस अपर महानिदेशक अभियान पटना को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। पांच अन्य सदस्य होंगे। अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस महानिरीक्षक और मुख्यालय पुलिस महानिरीक्षक को सदस्य बनाया गया है। साथ ही क्षेत्र में तैनात सीनियर पुलिस महानिरीक्षक भी सदस्य होंगे। वहीं, नए प्रावधानों के मुताबिक क्षेत्र में तैनात दो सीनियर पुलिस उप महानिरीक्षक को भी सदस्य के तौर पर जगह मिली है।साल 2004 से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वीरता पुरस्कार देने का प्रावधान लागू किया गया था। वैसे जवान जो अपनी सेवा के दौरान वीरता का परिचय देते हैं, उन्हें यह अवॉर्ड दिया जाता है। पिछले साल मई माह में ही इस कमिटी का पुनर्गठन किया गया था। 18 मई 2023 को संकल्प संख्या 6111 के आदेश से नई कमिटी बनाई गई थी। साल भर बाद फिर से इसे नया रूप दिया गया है। सात की जगह 14 पुलिस जवानों को पुरस्कार दिए जाने का फैसला लिया गया है।





