भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान अपनी धर्मपत्नी सागरिका घाटगे के साथ पहुंचे रजरप्पा मंदिर
भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान अपनी धर्मपत्नी सागरिका घाटगे के साथ पहुंचे रजरप्पा मंदिर, पूजा-अर्चना कर मां छिन्नमस्तिके से लिया आशीर्वाद
रजरप्पा (रामगढ़) : भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान मंगलवार की सुबह अपनी धर्मपत्नी सागरिका घाटगे के साथ प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत रूप से मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात नारियल फोड़कर पुजारियों से रक्षासूत्र भी बंधवाया। पूजन के पश्चात जहीर खान की धर्मपत्नी सागरिका घाटगे ने मंदिर प्रांगण में मन्नत वाला धागा बांधा। इधर, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जहीर खान और उनकी धर्मपत्नी सागरिका घाटगे के रजरप्पा मंदिर पहुंचने पर मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने उनके साथ सेल्फी ली। साथ ही कई प्रशंसक उनसे मिलने को आतुर दिखे। रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के पश्चात वे दोनों कुछ ही देर में यहां से वापस लौट गए। इस अवसर पर मंदिर के वरिष्ठ पुजारी असीम पंडा, पोपेश पंडा, ब्रजेश पंडा, विप्लव पंडा, छोटू पंडा, राजू महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।





