भारत में कोरोना की तीसरी लहर किस वजह से दे सकती है दस्तक, केंद्र सरकार ने संसद में दी जानकारी
केंद्र सरकार ने लोकसभा में कहा है कि कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर या तो वायरस में बदलाव की वजह से या अतिसंवेदनशील आबादी के कारण आ सकती है। सरकार ने यह भी कहा कि यह महामारी के प्रबंधन के लिए विभिन्न औषधीय और गैर-औषधीय उपायों पर भी निर्भर है।
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने लोकसभा में कहा है कि कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर या तो वायरस में बदलाव की वजह से या अतिसंवेदनशील आबादी के कारण आ सकती है। सरकार ने यह भी कहा कि यह महामारी के प्रबंधन के लिए विभिन्न औषधीय और गैर-औषधीय उपायों पर भी निर्भर है। एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि टीकाकरण रोग को गंभीर होने से बचाता है और प्रतिरक्षा में भी मददगार है। यह भविष्य में भी महामारी के प्रभाव को कम करने में मददगार होगा।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना महामारी की दूसरी लहर में पिछले एक दिन में सक्रिय मामलों में 3,881 की गिरावट आई है और कुल एक्टिव केस 4,05,513 रह गए हैं, जो कुल मामलों का 1.3 फीसद है। इस दौरान 35,342 केस पाए गए हैं, जबकि एक दिन पहले 40 हजार से ज्यादा नए मामले मिले थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक दैनिक और साप्ताहिक संक्रमण दर पांच फीसद से नीचे बने हुए हैं।
देश में कोरोना की स्थिति
24 घंटे में नए मामले 35,342
कुल सक्रिय मामले 4,05,513
24 घंटे में टीकाकरण 54.76 लाख
कुल टीकाकरण 42.34 करोड़
सुबह आठ बजे तक कोरोना की स्थिति
नए मामले 35,342
कुल मामले 3,12,93,062
सक्रिय मामले 4,05,513
मौतें (24 घंटे में) 483
कुल मौतें 4,19,470
ठीक होने की दर 97.36 फीसद
मृत्यु दर 1.34 फीसद
पाजिटिविटी दर 2.12 फीसद
सा. पाजिटिविटी दर 2.14 फीसद
जांचें (गुरुवार) 18,68,561
कुल जांचें 45.29 करोड़
शुक्रवार शाम सात बजे तक किस राज्य में कितने टीके
उत्तर प्रदेश 9.25 लाख
महाराष्ट्र 4.23 लाख
बंगाल 3.30 लाख
गुजरात 3.29 लाख
राजस्थान 1.59 लाख
हिमाचल 0.78 लाख
उत्तराखंड 0.47 लाख
बिहार 0.44 लाख
जम्मू-कश्मीर 0.30 लाख
झारखंड 0.28 लाख
छत्तीसगढ़ 0.27 लाख
पंजाब 0.20 लाख
मध्य प्रदेश 0.18 लाख
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक कोरोना की दैनिक संक्रमण दर पिछले 32 दिनों से तीन फीसद से नीचे है। मरीजों के उबरने की दर में भी लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि, मृत्युदर में कमी नहीं आ रही है। पिछले कुछ दिनों से मृत्युदर 1.30 फीसद से ज्यादा बनी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अभी कोरोना वैक्सीन की 2.75 करोड़ डोज बची हुई हैं। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अभी तक कुल 43.87 करोड़ डोज मुहैया कराई गई हैं। इन्हें जल्द ही 71.40 लाख डोज और उपलब्ध करा दी जाएंगी।





