मविआ में सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय 28 फरवरी तक : रमेश चेन्निथला
मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि महाविकास आघाड़ी (मविआ) में शामिल सभी दलों के बीच सीटों का बंटवारे का अंतिम निर्णय 28 फरवरी तक ले लिया जाएगा। महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी के सहयोगी दल साथ मिलकर लोकसभा और विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेंगे।
रमेश चेन्निथला ने मुंबई में गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में मविआ पूरी तरह मजबूत है। हम साथ मिलकर चुनाव लड़कर ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश कर रहे हैं। सभी मित्र दलों से बातचीत सकारात्मक चल रही है। वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर से भी चर्चा हुई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी आंबेडकर से चर्चा कर रहे हैं। प्रकाश अम्बेडकर द्वारा दिये गये सभी बिंदुओं पर सहमति बनी है। कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। इसके मद्देनजर हाल ही में लोनावाला में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई है। मुंबई कांग्रेस की तैयारी की भी समीक्षा की जा रही है।





