बेटी की शादी की रकम पिता उड़ाना चाहता था शराब और जुआ में, पत्नी ने बेटियों व बेटे के साथ गला दबा मार डाला

पति की शराब और जुए की लत से परेशान पत्नी ने अपनी बेटियों और नाबालिग बेटे के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक ने बेटी की शादी के लिए पैसे जमा किए थे, जिसे परिवार को डर था कि वह जुए में उड़ा देगा; पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पति की शराब और जुआ की लत के चलते स्वजन परेशान थे। पति ने जानवर बेचकर बेटी की शादी के रुपये एकत्र किए। स्वजन को लग रहा था कि वह इन पैसों का भी अपने गलत कामों में उपयोग करेगा।इसी को लेकर विवाद हुआ तो पत्नी ने अपनी बेटियों, नाबालिग पुत्र व पुत्री के मित्र के साथ मिलकर उसकी रस्सी से गला दबाकर हत्या कर शव नाले में फेंक दिया।
स्वजन के मदद न करने से शक गहराया और सख्ती से पूछताछ करने पर सारी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने पांच आरोपितों को जेल भेजा है। उनके कब्जे से दिवंगत का माेबाइल, रस्सी व नकदी बरामद की है। वहीं किशोर को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।
14 अप्रैल को ग्राम हैवतपुरा ब्रम्हनान निवासी 36 वर्षीय हरनारायण का शव नाले में पड़ा मिला था। पत्नी ने घर के सामने किराए के मकान में रहने वाले शिक्षक पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। 15 अप्रैल को हाईवे में जाम लगाने के बाद 62 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ।
तीन टीमों का गठन किया गया। स्वजन द्वारा कोई सहयोग नहीं किया जा रहा था। इस पर शक की सुई उन पर ही जाकर ठहरी। सख्ती से पूछताछ की गई तो सारा खेल खुल गया। दिवंगत की पत्नी रामरती, पुत्री ज्योति, सोनाली, पूजा व पुत्री के मित्र जयवीर निवासी ग्राम अलीपुरा पनवाड़ी को गिरफ्तार किया गया। वहीं नाबालिग पुत्र को अभिरक्षा में लिया।
आरोपितों ने बताया कि दिवंगत शराब पीने का आदी था, जिसके कारण परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। उसके द्वारा अपनी पुत्री सोनाली की शादी के लिए भैंस एवं बकरी बेचकर 82,500 की धनराशि एकत्रित की गई थी। इसी धनराशि को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया। सोमवार की रात्रि दिवंगत के सो जाने के बाद रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया गया। साक्ष्यों को नष्ट करने के लिए दिवंगत का मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया। पुलिस ने 82500, दिवंगत का मोबाइल, रस्सी बरामद की।





