किसानों की समृद्धि व देश के कोने-कोने तक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में रामबाण सिद्ध होगी किसान रेल: तोमर
नई दिल्ली। कृषि
एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को
देवलाली (महाराष्ट्र) से दानापुर (बिहार) तक चलने वाली देश की पहली किसान
रेल का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की
गई यह ट्रेन चार राज्यों से होकर चलेगी।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के
जरिए किसान रेल को रवाना करने के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि तोमर ने कहा कि
आज किसानों की एक बड़ी अनिवार्य आवश्यकता को भारत सरकार ने पूरा किया है।
प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प अनुरूप वित्त मंत्री ने किसानों की भलाई के
लिए बजट में बड़ी घोषणाएं की थी। उसके बाद कोरोना संकट आ खड़ा हुआ, लेकिन
इस दौरान भी किसानों ने अथक परिश्रम कर कृषि कार्य प्रभावित नहीं होने
दिया। फसल कटाई, उपार्जन, ग्रीष्मकालीन बुआई सभी काम अच्छे से हुआ।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय ने
इस दौरान 4,610 ट्रेनें 96 रूटों पर संचालित की, जिससे पूरे देश में खाद्य
पदार्थों का कहीं-कोई संकट नहीं हुआ। रेल मंत्रालय ने संकट की इस घड़ी में
देश की यह बड़ी सेवा की है।
कृषि
एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप
किसान रेल के शुभारंभ की घड़ी आई है। यह रेल किसानों के उत्पाद एक से दूसरे
स्थान पर सस्ते किराए में ले जाने में सफल होगी, यह पूरा विश्वास है।
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार के स्तर पर सभी प्रयास हो रहे हैं।
नए अध्यादेश लाए गए हैं, अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम में बदलाव किए गए हैं,
किसानों को कानूनी बंधनों से आजादी मिल गई है। देश में 10 हजार कृषक
उत्पादक संगठन (एफपीओ) गठित करने का बड़ा अभियान होने वाला है।
तोमर
ने कहा कि किसान रेल का यह रूट अत्यंत उपयोगी है। नासिक में पैदावार
ज्यादा होने से प्याज खराब न हो, इसकी चिंता सभी को रहती है। किसानों को
उनका उचित मूल्य मिल सकें व उपभोक्ताओं को प्याज सहित सभी खाद्य सामग्री की
पर्याप्त उपलब्धता हो सके, इसके लिए तथा किसानों को समृद्ध बनाने के लिए
किसान रेल रामबाण सिद्ध होगी। उन्होंने देशभर
के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार मानते हुए कहा कि उनके नेतृत्व
में किसानों की आय दोगुनी हो सकेगी, जिसमें रेल मंत्रालय का भी योगदान
होगा।कार्यक्रम
की अध्यक्षता करते हुए रेल मंत्री गोयल ने कहा कि सन् 1853 में मुंबई से
पहली रेलगाड़ी चली थी। इसी तरह रेलवे की प्रगति के सोपान के बीच आज
प्रधानमंत्री का किसानों के लिए रेल चलाने का सपना साकार हुआ है। किसानों
के सम्मान में भारतीय रेल भी उतर आया, यह मोदी ने सुनिश्चित किया है।
गोयल
ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए तोमर के नेतृत्व में कृषि
मंत्रालय बेहतर काम कर रहा है। कोविड संकट के दौर में सभी मंत्रालय पूरे
तालमेल से काम कर रहे हैं। गत चार महीने में खाद्य पदार्थों की सप्लाई
दोगुनी हुई है। इसके लिए कृषि, रेल व संबंधित मंत्रालयों के कर्मचारी बधाई
के पात्र हैं।





