देश का निर्यात मई में 9 फीसदी बढ़कर 38.13 अरब डॉलर पर
नई
दिल्ली,। आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर है। देश का वस्तु
निर्यात मई में नौ फीसदी बढ़कर 38.13 अरब डॉलर हो गया है, जो एक साल पहले
की समान अवधि में 34.95 अरब डॉलर रहा था। इससे पिछले महीने अप्रैल, 2024
में निर्यात एक फीसदी बढ़कर 35 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था।
वाणिज्य
एवं उदयोग मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि वस्तु
निर्यात मई में नौ फीसदी बढ़कर 38.13 अरब डॉलर हो गया है, जो एक साल पहले
समान अवधि में 34.95 अरब डॉलर रहा था। आयात 7.7 फीसदी बढ़कर 61.91 अरब
अमेरिकी डॉलर हो गया, जो मई 2023 में 57.48 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था। इस
दौरान व्यापार घाटा (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) 23.78 अरब अमेरिकी
डॉलर रहा।
आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2024-25 में
अप्रैल-मई के दौरान निर्यात 5.1 फीसदी बढ़कर 73.12 अरब अमेरिकी डॉलर हो
गया। आयात भी 8.89 फीसदी बढ़कर 116 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।
वाणिज्य
सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि निर्यात की दृष्टि से मई महीना उत्कृष्ट रहा
है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह प्रवृत्ति आगे जारी रहेगी।
बर्थवाल ने कहा कि मई 2024 के लिए भारत का कुल निर्यात (वस्तुएं और सेवाएं
संयुक्त) 68.29 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है, जो मई 2023 की तुलना
में 10.25 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। मई 2024 के लिए कुल आयात
(वस्तुएं और सेवाएं संयुक्त) 79.20 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है, जो
मई 2023 की तुलना में 7.95 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है।




