विधानसभा में पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने मधुबनी जिले के विकास से संबन्धित मुद्दों को जोर शोर से उठाया
विधानसभा में पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने मधुबनी जिले के विकास से संबन्धित मुद्दों को जोर शोर से उठाया
पटना। बिहार विधानसभा में पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ ने विभागीय मंत्री से तारांकित प्रश्न करते हुए पूछा कि मधुबनी जिलान्तर्गत शहर के सिंघनियां चौक से स्टेडियम रोड होते हुए गांधी चौक से सूडी हाईस्कूल तक की 4.20 किमी सड़क तथा आरके कॉलेज से गदियानी,संतू नगर,बुबना उद्यान एनएच तक की सड़क पथ निर्माण विभाग को वर्ष 2023 में ही हस्तांतरित की जा चुकी है | जिसके बाद अतिक्रमण हटाकर डीपीआर भी प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग में समर्पित किया जा चुका है, परन्तु प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त नहीं होने के कारण अभी तक काम प्रारम्भ नहीं किया गया है | इसके जवाब में विभागीय मंत्री ने कहा कि यह बात सही है कि मधुबनी शहर के पथ सिंघनियां चौक से स्टेडियम होते हुए गांधी चौक से सूढ़ी हाईस्कूल तक की लंबाई 2.45 किमी एवं आरके कॉलेज से गदियानी होते हुए बुबना उधान एनएच तक की लंबाई 2.10 किमी है| तकनीकी संभाव्यता संसाधन कि उपलब्धता एवं प्राथमिकता के अनुरूप निर्माण पर विचार किया जाएगा |
समीर महासेठ ने पूछा कि निधि चौक से स्टेशन तक सड़क एवं नाला निर्माण का काम प्रारम्भ हुआ था परन्तु पर्यावरण एवं वन विभाग के पटना स्थित कार्यालय कैम्पा से अनुमति प्राप्त नहीं होने के कारण कार्य बंद कर दिया गया है |इस पर विभागीय मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि निधी चौक से स्टेशन तक पथ के निर्माण कार्य में वन प्रमंडल, पदाधिकारी, मिथिला। वन प्रमंडल, दरभंगा द्वारा रोक लगाये जाने के कारण कार्य को बंद किया गया है। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होते हीं कार्य आरम्भ किया जायेगा।
पूर्व मंत्री ने सवाल किया कि मधुबनी शहर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण की स्वीकृति एक वर्ष पूर्व प्राप्त रहने के बावजूद पर्यावरण एवं वन विभाग के पटना स्थित कैम्पा कार्यालय से अनुमति प्राप्त नहीं होने के कारण कार्यारंभ नहीं हो पा रहा है।इस पर मंत्री ने कहा कि मधुबनी शहर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए पर्यावरण एवं वन विभाग, पटना स्थित कैम्पा कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र अप्राप्त होने के कारण एसटीपी का कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए परियोजना निदेशक, बुडको, मधुबनी द्वारा प्रस्ताव, कैम्पा कार्यालय पटना को समर्पित किया जा चूका है। कैम्पा कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के उपरांत एसटीपी कार्य अविलंब प्रारंभ कर दिया जायेगा।
समीर महासेठ ने शहर में बस स्टैंड के निर्माण के लिये जमीन वर्ष 2023 में ही कर्णाकित हो चुकी है परंतु अभी तक बस स्टैंड का निर्माण नहीं होने का सवाल उठाया ।इसके जवाब में विभागीय मंत्री ने कहा कि नगर आयुक्त, नगर निगम, मधुबनी द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि, मधुबनी जिला अन्तर्गत रामपटी स्थित मत्स्य विभाग की भूमि पर बस स्टैंड निर्माण के लिए राजनगर अंचल के मौजा महिनाथपुर, थाना न० 189 के प्रस्ताव जिला पदाधिकारी, मधुबनी के पत्रांक 3524/जि.रा. को 7 दिसम्बर 2022 के द्वारा सचिव, पशु एवं मत्स्य विभाग, बिहार पटना को भेजा गया था। सम्प्रति वर्णित भूमि की अनापत्ति/सहमति पशु एवं मत्स्य विभाग से प्राप्त नहीं होने के कारण पुनः जिला पदाधिकारी, मधुबनी के पत्रांक 3106/जि.रा. 21 अगस्त 2023 के द्वारा अनापति/ सहमति देने पर पुर्नविचार करने का आग्रह किया गया है।





